क्या देश को बेरोजगारों का कारखाना बनाना है?

उद्धव ठाकरे का बड़ा सवाल

* ममता बैनर्जी को बताया बंगाल की शेरनी
मुंबई/ दि.21- शिवसेना उबाठा के नेता उद्धव ठाकरे ने भाजपा पर निशाना साधते हुए महिला आरक्षण और परिसीमन के मुद्दे पर सवाल उठाए. उन्होंने बढ़ती बेरोजगारी और जनसंख्या नीति पर सरकार को घेरते हुए पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी की लड़ाई को ’शेरनी’ जैसी बताते हुए उनकी सराहना की.
शिवसेना (उद्धव बालासाहेब ठाकरे) पक्षप्रमुख उद्धव ठाकरे ने मंगलवार को महिला आरक्षण और परिसीमन के मुद्दे पर भाजपा पर कड़ा प्रहार किया. उन्होंने कहा कि देश के कुछ राज्य परिवार नियोजन कार्यक्रम सफलतापूर्वक लागू कर रहे हैं, लेकिन परिसीमन के कारण इन राज्यों का संसद में प्रतिनिधित्व कम हो जाता.
ठाकरे ने सरसंघचालक की बच्चों को जन्म देने संबंधी सलाह पर तीखा कटाक्ष करते हुए पूछा, सरसंघचालक बच्चों को जन्म देने की सलाह दे रहे हैं, लेकिन उन्हें पालेगा कौन? आज देश बदहाल है. क्या आपको देश को केवल बेरोजगारों का कारखाना बनाना है?
कामगारों की स्थिति पर चिंता उद्धव ठाकरे ने कामगारों के पलायन पर दुख जताते हुए कहा कि आज ईरान-इजराइल युद्ध के बावजूद दुबई में काम करने वाले बिहार और उत्तर प्रदेश के लोग भारत वापस नहीं आना चाहते. वे कहते हैं कि भारत में बेरोजगारी से घुटकर मरने के बजाय वे युद्ध के बम हमलों में मरना बेहतर समझेंगे. यह सरकार की वास्तविक विफलता है.
उन्होंने आगे कहा, अगर आज कामगार आंदोलन न करते, तो शायद हमें मिला हुआ स्वातंत्र्य और संयुक्त महाराष्ट्र का संघर्ष सफल नहीं हुआ होता. सरकार एक तरफ कामगारों के हित की बात करती है और दूसरी तरफ उनके हितों को नष्ट कर रही है.
मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस की विरोधियों के ’बुरखे’ फाड़ने वाली टिप्पणी पर ठाकरे ने पलटवार किया. उन्होंने कहा, हम हिंदू हैं, हमें बुरखा पहनने के लिए न कहें. आपके खुद के सिर पर बुरखा है. पश्चिम बंगाल की स्थिति पर बात करते हुए ठाकरे ने ममता बनर्जी की तारीफ की. उन्होंने कहा कि ममता बनर्जी वहां एक शेरनी की तरह लड़ रही हैं और उन्हें हराने के लिए भारी संख्या में सीआरपीएफ तैनात की गई है, जो लोकतंत्र के लिए खतरनाक है.

Back to top button