‘उन’ 8 आरोपियों के 11 बैंक खाते सील
सभी के बैंक खातों से हुए लेन-देन को खंगाल रही एसआईटी

* पुलिस को आरोपियों द्वारा सेक्स स्कैंडल के जरिए पैसा कमाने का संदेह
अमरावती/दि.22 – परतवाडा में उजागर हुए न्यूड वीडियो वायरल कांड के मामले में धरे गए आठों आरोपियों के कुल 11 बैंक खातों को अब मामले की जांच कर रही एसआईटी द्वारा सील कर दिया गया है. साथ ही उन बैंक खातों से हुए आर्थिक लेन-देन के व्यवहारों की जांच-पडताल की जा रही है. परतवाडा पुलिस एवं एसआईटी को संदेह है कि, उन 11 बैंक खातों के जरिए बडे पैमाने पर आर्थिक लेन-देन हुआ है. ऐसे में अब इस बात की संभावनाओं को खंगाला जा रहा है कि, कहीं आपत्तिजनक व अश्लील फोटो-वीडियो को वायरल करते हुए, उस जरिए तो कहीं से पैसा हासिल नहीं किया गया.
इसके साथ ही एसआईटी द्वारा अपनी गिरफ्त में रहनेवाले आठों आरोपियों के संपर्क सूत्रों एवं तमाम कनेक्शनों को भी खंगाला जा रहा है. जिसके जरिए इस बात की पडताल की जा रही है कि, इस मामले में और किन-किन लोगों की संलिप्तता है. जिसके चलते पुलिस को उम्मीद है कि, जल्द ही इस मामले में आरोपियों की संख्या और भी अधिक बढ सकती है.
* आरोपियों ने मोबाइल से डेटा किया था डिलीट
– साईबर एक्सपर्ट कर रहे डेटा रिकवर करने का प्रयास
उल्लेखनीय है कि, मामले की जांच कर रही एसआईटी द्वारा अपनी हिरासत में रहनेवाले आठों आरोपियों के मोबाइल फोन सहित एक लैपटॉप, एक टैब और एक हार्ड डिस्क को भी बरामद किया गया है. जिनकी प्राथमिक जांच-पडताल में पता चला कि, आरोपियों ने अपने मोबाइल के डेटा को पहले ही डिलीट कर दिया था, ताकि उनके मोबाइल में रहनेवाले आपत्तिजनक फोटो, वीडियो व चैटिंग पुलिस के हाथ न लग पाए. ऐसे में पुलिस ने अब इन सभी इलेक्ट्रॉनिक गैझेट को जांच-पडताल हेतु फॉरेन्सिक लैब में भिजवा दिया है, जहां पर साईबर विशेषज्ञों द्वारा डेटा को रिकवर करने का प्रयास किया जा रहा है.
* इन आठ आरोपियों को लिया गया था हिरासत में
बता दें कि, परतवाडा के सेक्स स्कैंडल एवं न्यूड वीडियो वायरल कांड में मुख्य आरोपी अयान अहमद सहित परतवाडा व अचलपुर से वास्ता रखनेवाले उजेर खान, मोहम्मद सहाद, तबरेज खान, एहफाक खान मंसूर खान, शेख नावेद शेख हसन, मो. इमरान मो. सादीक के साथ ही मूलत: वर्धा जिले आर्वी निवासी तथा इन दिनों अमरावती में रह रहे मानव दीपक सुगंधे को गिरफ्तार किया गया है. आरोप के मुताबिक अयान अहमद ने अलग-अलग नाबालिग लडकियों व युवतियों को अपने प्रेमजाल में फांसकर उनका यौन शोषण किया तथा उनके अश्लील व आपत्तिजनक फोटो-वीडियो निकाले. जिन्हें उजेर खान ने अयान अहमद के मोबाइल से अपने मोबाइल पर लेते हुए परतवाडा-अचलपुर में रहनेवाले अपने दोस्तों के बीच साझा किया. जिनके जरिए वे सभी फोटो-वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गए. वहीं अमरावती में अपनी पढाई-लिखाई के लिए किराए का फ्लैट लेेकर रहनेवाले मानव सुगंधे ने अयान अहमद को कई बार अपने फ्लैट का कमरा अय्याशी करने और रंगरेलियां मनाने के लिए प्रति घंटे के किराए पर उपलब्ध कराया था. ये आठों ही आरोपी इस समय परतवाडा पुलिस की हिरासत में है. जिसमें से पहले 4 आरोपियों के पीसीआर की अवधि कल 21 अप्रैल को ही खत्म हुई थी. जिसके चलते उन्हें दुबारा अदालत में पेश किया गया, जहां से अदालत ने उन्हें 27 अप्रैल तक दुबारा पीसीआर में भेज दिया. वहीं शेष 4 आरोपियों के पीसीआर की अवधि कल 23 अप्रैल को समाप्त होनेवाली है. जिसके चलते उन्हें कल दोपहर बाद अदालत के सामने पेश किया जाएगा. ऐसे में अब सभी की निगाहें इस बात की ओर लगी हुई है कि, इन चारों सहआरोपियों के पीसीआर की अवधि को अदालत द्वारा बढाया जाता है, या फिर उन्हें न्यायिक हिरासत के तहत जेल भेजा जाता है.





