हे भगवान! सुंदरता से लडके आकर्षित न हो, इसलिए माता-पिता ने ही 16 वर्षीय लड़की का मुंडन कर दिया

अमरावती के वरुड में आक्रोशजनक घटना, माता-पिता के खिलाफ मामला दर्ज

* जिले में खलबली, नाबालिग को भेजा सुधारगृह
अमरावती/ दि.25- ‘लड़की की सुंदरता और उसके बाल देखकर लड़के उसकी ओर आकर्षित होते हैं’ इस अजीब और पिछड़ी सोच के चलते जन्म देने वाले माता-पिता ने ही अपनी 16 वर्षीय बेटी के पूरे बाल काटकर उसे घर में बंद करके रखने की चौंकाने वाली घटना अमरावती जिले के वरुड पुलिस थाना क्षेत्र में सामने आई है. इस मामले में लड़की की शिकायत पर वरुड पुलिस ने माता-पिता के खिलाफ विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है. छात्रा को बाल सुधार गृह भेजे जाने की जानकारी दी गई. घटना उजागर होते ही शनिवार दोपहर से जिले में सर्वत्र खलबली मची हैं. अभिभावक वर्ग इस प्रकार की घटना को लेकर पशोपेश में पड गया हैं.
क्या हुआ था?
किशोरावस्था में आई अपनी बेटी पर कोई भी गलत नजर न डाले, इसके लिए माता-पिता ने ही 16 वर्षीय लड़की का सिर मुंडवा दिया.उसे मारपीट भी की गई.इस घटना से लड़की काफी डर गई और उसने सीधे पुलिस थाने जाकर अपने माता-पिता के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई.पीड़ित लड़की अपनी मां और पिता के साथ रहती है और फिलहाल पढ़ाई कर रही है.अपनी बेटी पर कोई भी गलत नजर न डाले, उसे कोई न देखे, इसके लिए माता-पिता ने चिंता के चलते यह चौंकाने वाली तरकीब अपनाई.उन्होंने 16 साल की लड़की के सिर के बाल घर में ही ट्रिमर मशीन से काट दिए.
लड़की को निरीक्षण गृह में भेजा गया
इस घटना से लड़की डर गई और उसने सीधे पुलिस थाने जाकर पुलिस को पूरी बात बताई.इसके बाद पुलिस ने उसे बाल कल्याण समिति के सामने पेश किया.उसने समिति के सामने अपनी बात रखी.मामले की गंभीरता को देखते हुए तुरंत मामला दर्ज किया गया.इस घटना के बाद पीड़िता ने पुलिस से कहा कि वह अब उसे प्रताड़ित करने वाले माता-पिता के साथ नहीं रहना चाहती.इसलिए वरुड पुलिस ने पीड़िता को एक सरकारी लड़कियों के निरीक्षण गृह में भेज दिया है.
युवक के खिलाफ शिकायत देने को कहा
एक युवक की उस पर बुरी नजर होने और उसके पीछा करने का संदेह उसके माता-पिता को था.इसी को लेकर माता-पिता लड़की पर उस युवक के खिलाफ पुलिस में शिकायत दर्ज कराने का दबाव डाल रहे थे.लेकिन लड़की ने शिकायत देने से इनकार कर दिया.इसी गुस्से में माता-पिता ने यह कदम उठाया होने का संदेह है. जिस युवक के कारण माता-पिता ने इतना कठोर कदम उठाया, वह युवक कौन है, इसका पता लगाने की जिम्मेदारी अब पुलिस पर आ गई है.पुलिस इस पूरे मामले की विस्तृत जांच कर रही है.माता-पिता ने चिंता के चलते यह किया हो, लेकिन इससे नाबालिग लड़कियों की सुरक्षा का मुद्दा भी सामने आया है.जिले में लड़कियों के शोषण की कई घटनाएं सामने आई हैं.

Back to top button