शादी में डीजे विवाद बना जानलेवा, युवक की बेरहमी से हत्या

इलाके में तनाव, खामगांव शहर के बर्डे प्लॉट की घटना

खामगांव/दि.28 – शादी समारोहों में तेज आवाज वाले डीजे का बढ़ता चलन अब खतरनाक साबित हो रहा है. खामगांव शहर के संवेदनशील बर्डे प्लॉट इलाके में शनिवार रात एक मामूली विवाद ने हिंसक रूप ले लिया और एक युवक की बेरहमी से हत्या कर दी गई. मृतक युवक का नाम शोएब खान (23) हैं.
घटना रात करीब 11 बजे की है. बर्डे प्लॉट में महबूब चौधरी के घर शादी समारोह चल रहा था. डीजे पर डांस के दौरान हल्की टक्कर और करंट लगने की बात को लेकर विवाद शुरू हुआ. देखते ही देखते यह बहस मारपीट में बदल गई. मृतक की पहचान शोएब खान (23, निवासी बर्डे प्लॉट, खामगांव) के रूप में हुई है. आरोप है कि चार-पांच युवकों ने उसे जबरन पास के जोशी लेआउट के मैदान में ले जाकर पहले बुरी तरह पीटा, फिर चाकू, रेज़र, फाइटर और पत्थरों से हमला कर उसकी हत्या कर दी. इस घटना से शादी समारोह में अफरा-तफरी मच गई और इलाके में तनाव फैल गया. सूचना मिलते ही शिवाजी नगर पुलिस मौके पर पहुंची और हालात को नियंत्रित किया.
पुलिस ने मामले में चार आरोपियों-शेख आफताब, फैजान खान, शेख तालिब (तीनों बर्डे प्लॉट निवासी) और शेख रफीक (अकोला निवासी) के खिलाफ हत्या सहित विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज किया है. रविवार को भी बर्डे प्लॉट इलाके में तनाव बना रहा. किसी भी अप्रिय घटना से बचने के लिए भारी पुलिस बल तैनात किया गया है और पूरे क्षेत्र को छावनी में तब्दील कर दिया गया है.

Back to top button