जिशान सिद्दीकी को मिल सकती है विधान परिषद की उम्मीदवारी

अजीत पवार गुट वाली राकांपा से मिल सकता है मौका

मुंबई /दि.29- महाराष्ट्र विधान परिषद चुनाव को लेकर राजनीतिक हलचल तेज हो गई है. अब महायुति में शामिल अजीत पवार गुट की राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी से जिशान बाबा सिद्दीकी का नाम विधान परिषद उम्मीदवार के रूप में सामने आ रहा है. माना जा रहा है कि अजीत पवार गुट अपनी कोटे की एकमात्र सीट पर जिशान बाबा सिद्दीकी को मैदान में उतार सकता है. हालांकि पार्टी की ओर से अभी आधिकारिक घोषणा बाकी है, लेकिन राजनीतिक गलियारों में जिशान बाबा सिद्दीकी के नाम की चर्चा तेज हो गई है.
ज्ञात रहे कि, इससे पहले भाजपा ने विधान परिषद के लिए अपने 6 उम्मीदवारों की आधिकारिक सूची जारी कर दी है. भाजपा ने सुनील कर्जतकर, माधवी नाईक, संजय भेंडे, विवेक कोल्हे, प्रमोद जठार और प्रज्ञा सावंत के नामों की घोषणा की है. भाजपा की सूची जारी होने के बाद महायुति की रणनीति लगभग स्पष्ट हो चुकी है. वहीं महाविकास आघाड़ी की ओर से शिवसेना (उद्धव बालासाहेब ठाकरे) ने अंबादास दानवे को विधान परिषद उम्मीदवार घोषित कर चुनावी मुकाबले को दिलचस्प बना दिया है. जिसके चलते सबसे अधिक नजर अजीत पवार गुट की राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी पर टिकी थी. महायुति में राष्ट्रवादी के हिस्से की एक सीट पर किसे मौका मिलेगा, इसे लेकर कई नामों की चर्चा चल रही थी. लेकिन जिशान बाबा सिद्दीकी का नाम आगे आने के बाद यह माना जा रहा है कि पार्टी युवा चेहरे और शहरी समीकरणों को ध्यान में रखते हुए उन्हें मौका दे सकती है. यदि जिशान बाबा सिद्दीकी के नाम पर अंतिम मुहर लगती है, तो महाराष्ट्र विधान परिषद चुनाव में महायुति की ओर से उम्मीदवारों की तस्वीर पूरी तरह साफ हो जाएगी. अब सभी की नजर राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी की आधिकारिक घोषणा पर टिकी है, जिसके बाद महाराष्ट्र विधान परिषद चुनाव 2026 का राजनीतिक समीकरण पूरी तरह स्पष्ट हो जाएगा.
बता दें कि, महाराष्ट्र विधान परिषद की 10 सीटों के लिए आगामी 12 मई को मतदान होगा. मतदान सुबह 9 बजे से शाम 4 बजे तक चलेगा, जबकि उसी दिन शाम 5 बजे मतगणना के बाद परिणाम घोषित किए जाएंगे. विधान परिषद चुनाव की प्रक्रिया शुरू होने के साथ ही सभी प्रमुख दलों ने अपने-अपने उम्मीदवारों को लेकर रणनीति तेज कर दी है. विधानसभा के मौजूदा संख्याबल के अनुसार इस चुनाव में महायुति को स्पष्ट बढ़त दिखाई दे रही है. संख्याबल के हिसाब से भाजपा को 6, शिवसेना (शिंदे गुट) को 2, राष्ट्रवादी कांग्रेस (अजीत पवार गुट) को 1 और महाविकास आघाड़ी को 1 सीट मिलने की संभावना है. ऐसे में अजीत पवार गुट की एक सीट पर किसे मौका मिलेगा, इस पर विशेष नजर बनी हुई थी. अब जिशान बाबा सिद्दीकी का नाम सामने आने से यह तस्वीर काफी हद तक साफ होती दिख रही है.

Back to top button