अमरावती का पारा 45 पार
विदर्भ में हीट वेव कायम

अमरावती/दि.30 – उष्णलहर ने पश्चिम विदर्भ के लोगों का अप्रैल के आखिरी दिन भी पीछा नहीं छोडा. मौसम जानकारों के अनुमान दरकिनार करते हुए अमरावती संभाग में आसमान से शोले बरसने के अंदाज में तेज धूप कायम रही. अमरावती का पारा आज 45.4 डिग्री सेल्सिअस दर्ज किये जाने की जानकारी देते हुए बताया गया कि, अभी भी अंदाज है कि, कही-कही बूंदाबांदी हो सकती है.
बता दें कि, अमरावती संभाग सहित विदर्भ बुरी तरह झुलस रहा है. बुधवार को चंद्रपुर 45 डिग्री के साथ अग्रणी बना था, तो आज अमरावती 45.4 डिग्री दर्ज किया गया. जिससे लोग गर्मी से हलकान परेशान नजर आये. जबकि मौसम के जानकार दो दिनों की राहत की संभावना बता रहे थे. उष्ण लहर के कारण हर कोई एक-दूसरे को गर्मी से बचाव के टिप्स देते दिखाई दे रहा है. प्रशासन ने पहले भी वरिष्ठ और बच्चों के लिए सावधानी बरतने का आवाहन किया है. दोपहर के समय बाजार और गलियां सुनसान हो रही है.





