आधुनिक तंत्रज्ञान से कृषि-औद्योगिक विकास को गति
सहकार मंत्री बाबासाहेब पाटील का प्रतिपादन

* 67 वां महाराष्ट्र दिन उत्साह के साथ मनाया गया
अमरावती/दि.1– 67वें महाराष्ट्र दिवस के अवसर पर अमरावती शहर के पुलिस मुख्यालय परेड मैदान में आयोजित मुख्य शासकीय समारोह में सहकार मंत्री बाबासाहेब पाटील ने कहा कि जिले में कृषि और उद्योग क्षेत्र को आधुनिक तकनीक से मजबूत करने पर विशेष जोर दिया जा रहा है. किसानों की आय बढ़ाना और जिले को आर्थिक रूप से सक्षम बनाना सरकार का प्रमुख लक्ष्य है.
उन्होंने बताया कि राज्य सरकार द्वारा किसानों के लिए कई महत्वपूर्ण योजनाएं लागू की गई हैं. फसल कर्ज पर 2 लाख रुपये तक की कर्जमाफी, नियमित भुगतान करने वाले किसानों को 50 हजार रुपये प्रोत्साहन अनुदान, और प्राकृतिक आपदा से प्रभावित 1.15 लाख से अधिक किसानों को 745 करोड़ रुपये की सहायता सीधे खातों में जमा की गई है. प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि की 22वीं किस्त भी लाखों किसानों को वितरित की गई है. कृषि यंत्रीकरण के तहत हजारों किसानों को आधुनिक उपकरण खरीदने के लिए सहायता दी गई है. मोर्शी और वरुड के सिट्रस इस्टेट में अब एआई आधारित तकनीक लागू की जाएगी. ‘प्रति थेंब अधिक पीक’ और मुख्यमंत्री शाश्वत सिंचन योजना के तहत हजारों लाभार्थियों का चयन किया गया है. प्रधानमंत्री सूक्ष्म अन्न प्रक्रिया उद्योग योजना में अमरावती जिले ने राज्य में दूसरा स्थान प्राप्त किया है.
औद्योगिक विकास पर बोलते हुए मंत्री पाटील ने कहा कि अमरावती में पीएम मित्रा टेक्सटाइल पार्क, एयरपोर्ट पर नाइट लैंडिंग सुविधा, आईटी पार्क और एशिया के सबसे बड़े पायलट ट्रेनिंग सेंटर से रोजगार के नए अवसर पैदा होंगे. रोजगार सृजन योजना के तहत 1,055 कर्ज प्रकरण मंजूर किए गए हैं, जिनमें 633 महिला उद्यमी शामिल हैं. स्वास्थ्य और सामाजिक योजनाओं के अंतर्गत महात्मा फुले जनआरोग्य योजना से 5 लाख रुपये तक मुफ्त इलाज और आयुष्मान कार्ड वितरण जारी है. मेलघाट क्षेत्र में मातृ एवं शिशु मृत्यु दर शून्य करने के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है. महिलाओं के लिए पिंक ई-रिक्शा, ‘आई’ योजना और ‘लाडली बहन’ योजना के माध्यम से सशक्तिकरण पर जोर दिया जा रहा है. पर्यटन क्षेत्र में चिखलदरा के स्कायवॉक प्रोजेक्ट को पूरा करने पर काम चल रहा है, जबकि आमझरी गांव को ‘मधाचे गाव’ के रूप में विकसित किया जा रहा है. संत गाडगेबाबा तीर्थक्षेत्र सर्किट के विकास का भी प्रावधान किया गया है. इस अवसर पर विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाले व्यक्तियों और संस्थाओं को पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया. कार्यक्रम में वरिष्ठ प्रशासनिक और पुलिस अधिकारी उपस्थित रहे तथा भव्य परेड का आयोजन भी किया गया. मंत्री पाटील ने नागरिकों को महाराष्ट्र दिवस और मजदूर दिवस की शुभकामनाएं दीं. कार्यक्रम में पुलिस महानिरीक्षक रामनाथ पोकले, प्रभारी विभागीय आयुक्त अजय लहाने, जिलाधिकारी आशीष येरेकर, पुलिस आयुक्त राकेश ओला, जिला परिषद के मुख्यकार्यकारी अधिकारी सत्यम गांधी, जिला पुलिस अधीक्षक विशाल आनंद आदि मान्यवर इस अवसर पर उपस्थित थे.
* पुरस्कार वितरण समारोह
विविध क्षेत्र में प्रशंसनीय कार्य करने वालों का इस अवसर पर सत्कार किया गया. वर्ष 2024-25 के लिए विशेष जिला युवा पुरस्कार नाल फिल्म के बाल कलाकार श्रीनिवास पोकले, युवकों के सर्वांगीण विकास के लिए कार्य करने पर युवक गट से अमर वानखडे (तिवसा) युवती गट से जानवी राउत (नया वाठोडा) तथा संस्था गट से संताजी बहुउद्देशीय शिक्षण संस्था (गुरुकुंज आश्रम) को सम्मानित किया गया. इस संस्था ने राष्ट्रसंत तुकडोजी महाराज के विचारों का प्रचार, व्यसन मुक्ति, रक्तदान और आदिवासी विकास क्षेत्र में महत्वपूर्ण कार्य किया है. इसी तरह वर्ष 2025-26 के लिए युवक गट से समाज प्रबोधनकार वेदांत मूंदाने (अमरावती) युवती गट से पूजा गुंजरकर (ब्राह्मणवाडा थडी) और संस्था गट में स्वामी विवेकानंद विचार मंच (अचलपुर) को सम्मानित किया गया. अचलपुर के विवेकानंद विचार मंच ने स्वास्थ्य सेवा और स्पर्धा परीक्षा का मार्गदर्शन किया है.
* राजस्व व पुलिस विभाग के अधिकारी व कर्मचारी सम्मानित
महाराष्ट्र दिवस के अवसर पर अपर आयुक्त सूरज वाघमारे निवासी उपजिलाधिकारी संतोष काकडे, सहायक ग्रंथालय संचालक राजेश पाटिल, सहायक ग्रंथालय संचालक सूरजकुमार मडावी, अधीक्षक अभियंता मंगेश पाटिल, राजस्व सहायक, मनीषा ढोके, शिक्षिका रितु तलमले, ग्राम राजस्व अधिकारी पवन मुंडे, जिलाधिकारी कार्यालय के संजय अंबाडेकर, जिला महिला व बालविकास कार्यालय की सुमेधा बारलिंगे, मंजिरी महाजन, संध्या साहुरकर, कविता पाचघरे, पुलिस निरीक्षक नीलेश गावंडे, आरक्षित पुलिस उपनिरीक्षक श्रीधर गुलसुंदरे, पीएसआई योगेश श्रीवास, अजय मिश्रा, प्रवीण काले, सहायक पुलिस उपनिरीक्षक विजय पेठे, होमगार्ड सैनिक राजेंद्र शाहाकार, हेडकांस्टेबल राजेश कोचे, राजीव बाहेनकर, दीपक सुंदरकर, शंकर बावनकुले, पंकज गावंडे, उज्वल सामुद्रे, सुरक्षा रक्षक शिवकुमार तायडे को उत्कृष्ट कार्य करने पर सम्मानित किया गया. प्रारंभ में विविध शासकीय विभाग के जरिए परेड संचालन किया गया. मंत्री बाबासाहब पाटिल ने परेड संचलन का निरीक्षक किया. परेड का संचालन परेड कमांडर उपविभागीय पुलिस अधिकारी सागर भांबरे तथा दुय्यम परेड कमांडर आरक्षित पुलिस निरीक्षक श्रीधर गुलसुंदरे ने किया. कार्यक्रम का संचालन गजानन देशमुख ने किया.





