अमरावती मनपा में 67 वां महाराष्ट्र वर्धापन दिवस उत्साह से मनाया गया
महापौर श्रीचंद तेजवानी के हाथों हुआ ध्वजारोहण

* सभी दलों के मनपा पार्षदों, अधिकारी व विद्यार्थियों को दी शुभेच्छा
* वडरपुरा मनपा शाला के बैंड पथक ने किया राष्ट्रगीत प्रस्तुत
अमरावती/दि.1– अमरावती महानगरपालिका परिसर में शुक्रवार 1 मई को महाराष्ट्र राज्य स्थापना का 67 वां स्थापना दिवस बड़े उत्साह के साथ मनाया गया. इस अवसर पर मनपा के महापौर श्रीचंद तेजवानी के हाथों सुबह 7.15 बजे ध्वजारोहण किया गया.
ध्वजारोहण के बाद महापौर श्रीचंद तेजवानी ने अमरावतीवासियों को महाराष्ट्र दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि 1 मई 1960 को महाराष्ट्र राज्य की स्थापना ने राज्य को नई दिशा दी. उन्होंने कहा कि यह दिन केवल राज्य निर्माण का नहीं, बल्कि महाराष्ट्र की समृद्ध संस्कृति, परंपरा और एकता का उत्सव है. अपने संबोधन में महापौर ने कहा कि महाराष्ट्र संतों, समाज सुधारकों और वीरों की भूमि है. छत्रपति शिवाजी महाराज, महात्मा ज्योतिबा फुले, डॉ. बाबासाहेब आंबेडकर सहित अनेक महान विभूतियों के विचारों ने राज्य को प्रगतिशील बनाया है. उन्होंने जनगणना के अंतर्गत शुरू हुए सेल्फ एन्यूमरेशन (स्व-गणना) अभियान का विशेष उल्लेख करते हुए नागरिकों से इसमें सक्रिय सहभागिता की अपील की. उन्होंने कहा कि सही और पारदर्शी जानकारी से शासन को विकास योजनाएं प्रभावी ढंग से लागू करने में मदद मिलेगी.
महापौर ने शहर के विकास में योगदान देने वाले सभी पदाधिकारियों, नगरसेवकों और अधिकारियों का आभार व्यक्त किया तथा स्वच्छ, सुंदर और विकसित अमरावती के निर्माण के लिए सामूहिक प्रयासों का आह्वान किया. उन्होंने युवाओं से शिक्षा, कौशल और नवाचार के माध्यम से राज्य की प्रगति में योगदान देने की अपील की. कार्यक्रम के दौरान वंदे मातरम् और महाराष्ट्र राज्य गीत का सामूहिक प्रस्तुतीकरण किया गया. विजय खंडारे के मार्गदर्शन में यह प्रस्तुति दी गई, जबकि महानगरपालिका मराठी माध्यमिक विद्यालय वडरपुरा के विद्यार्थियों के बैंड दल ने राष्ट्रगान प्रस्तुत किया. महापौर ने विद्यार्थियों को मिठाई भी वितरित किया. समारोह में स्थायी समिति सभापति अविनाश मार्डीकर, विरोधी पक्षनेता विलास इंगोले, जोन सभापति स्वाती कुलकर्णी, इस्माइल लालूवाले, नगरसेवक आशीष अतकरे, सचिन वैद्य, नगरसेविका सुरेशा लुंगारे, सुनीता भेले, विद्या माटे, सुनीता लोणारे, ललिता रतावा, अतिरिक्त आयुक्त महेश देशमुख, अतिरिक्त आयुक्त शिल्पा नाईक, उपायुक्त योगेश पीठे, उपायुक्त नरेंद्र वानखडे, मुख्य लेखा परीक्षक तथा मुख्य लेखाधिकारी श्यामसुंदर देव, शहर अभियंता रवींद्र पवार, सहायक आयुक्त भूषण पुसतकर, मंगेश कडू, वैद्यकीय अधिकारी (स्वच्छता) डॉ. अजय जाधव, शिक्षणाधिकारी डॉ. प्रकाश मेश्राम, अग्निशमन अधीक्षक अजय पंधरे, कार्यालय अधीक्षक गुलशन मीरानी, उपअभियंता, अभियंता समेत महानगरपालिका के अनेक अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे.





