मेलघाट टाइगर रिजर्व में जर्जर पुलों पर चिंता
युकां जिलाध्यक्ष राहुल येवले द्वारा पुनर्निमाण व मरम्मत कार्यों को तत्काल मंजूरी देने की मांग

अमरावती/दि.1– मेलघाट टाइगर रिजर्व के आदिवासी क्षेत्रों में स्थित ब्रिटिश कालीन पुल अब जर्जर होकर टूटने की कगार पर पहुंच गए हैं. बताया जा रहा है कि इन पुलों की समय सीमा भी समाप्त हो चुकी है, तथा इस संबंध में ब्रिटिश सरकार की ओर से भारत सरकार को पत्र भी प्राप्त हुआ है. युवक कांग्रेस के जिलाध्यक्ष राहुल येवले ने इन पुलों के पुनर्निर्माण और मरम्मत कार्यों को तुरंत मंजूरी देने की मांग की है. उन्होंने कहा कि टाइगर रिजर्व प्रशासन द्वारा इन कार्यों को शीघ्र अनुमति दी जानी चाहिए. साथ ही, पहले से मौजूद सड़कों को भी नियमित करने के लिए अनुमति देने की मांग की गई है.
उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि इन मांगों पर जल्द कार्रवाई नहीं की गई, तो शांत आदिवासी समाज आंदोलन का रास्ता अपना सकता है. राहुल येवले ने आरोप लगाया कि एक ओर जनहित के कार्यों को रोका जा रहा है, जबकि दूसरी ओर बिना दिल्ली वाइल्ड बोर्ड की अनुमति के टाइगर रिजर्व के अंदर सैकड़ों हेक्टेयर जमीन पर खुदाई और जेसीबी के माध्यम से सड़क निर्माण किया जा रहा है. उन्होंने इस पूरे मामले की केंद्रीय स्तर पर जांच कराने की भी मांग की है.





