भेड बिक्री के 4 लाख रुपए चोरी
भेडपाल के साथी पर संदेह, मामला दर्ज

* भातकुली थाना क्षेत्र की घटना
अमरावती/दि.1 – भेडपाल द्वारा बेचे गए 50 भेड के प्राप्त हुए 4 लाख रुपए देर रात चोरी हो गए. भेडपाल ने अपने साथ रहनेवाले साथी पर संदेह व्यक्त करते हुए पुलिस में शिकायत दर्ज की है. पुलिस ने शिकायत के आधार पर संदिग्ध अंबर गुलाब नामदास (26) के खिलाफ चोरी का मामला दर्ज कर जांच शुरु की है. यह घटना भातकुली थाना क्षेत्र के खालकोनी ग्राम में घटित हुई.
जानकारी के मुताबिक नांदगांव खंडेश्वर तहसील के जामठी ग्राम निवासी मारुती चिमाजी टेले (65) नामक व्यक्ति का भेडपालन का व्यवसाय है. वह 25 अप्रैल से खालकोनी ग्राम के धीरज रौराले के खेत में भेड ले जाकर रहने लगा था. एक पखवाडा पूर्व बाभुलगांव निवासी व्यापारी ने बेडे पर आकर मारुती टेले से 50 भेड खरीदे थे. प्रति भेड 8 हजार रुपए के हिसाब से 4 लाख रुपए मारुती ने संबंधित व्यापारी के पास से 28 अप्रैल को नेर जाकर लिए और शाम 6 बजे खालकोनी ग्राम के धीरज रौराले के खेत में बेडे पर आ गया. उसने पैसों से भरी थैली बैलगाडी में रखी थी. खाना खाकर सो गया. पश्चात 29 अप्रैल को सुबह 6 बजे नींद से जागा, तो उसे पैसों से भरी थैली दिखाई नहीं दी. भेड की देखरेख करनेवाला उसका साथी अंबर नामदास भी दिखाई नहीं दिया. इस कारण मारुती ने उसे फोन लगाया. लेकिन उसका मोबाइल बंद आ रहा था. इस कारण यवतमाल जिले के मेंढला ग्राम निवासी अंबर गुलाब नामदास (26) ने ही यह पैसे चुराए रहने का संदेह व्यक्त कर मारुती टेले ने भातकुली थाना पहुंचकर शिकायत दर्ज की. पुलिस ने बीएनएस की धारा 306 के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरु की है.





