‘मे हीट’ में धूप-बारिश का खेला

अमरावती अभी भी 45 डिग्री पर झुलस रहा, और बढोत्तरी का आशंका

* पुणे-मुंबई में पारा 40 पार
* अनेक जगहों पर बरसेंगे वरुणराजा, अगले 48 घंटे महत्वपूर्ण
मुंबई/पुणे /दि.1- मई महीने की शुरुआत में ही महाराष्ट्र मानो झुलस उठा है. राज्य के कई हिस्सों में गर्मी की लहर तेज हो गई है और कुछ जिलों में तापमान ने अब तक के सभी रिकॉर्ड तोड़ दिए हैं. आज 1 मई, महाराष्ट्र दिवस के दिन ही सूरज आग उगलने लगा है और मौसम विभाग ने अगले 48 घंटों के लिए बेहद महत्वपूर्ण चेतावनी जारी की है. एक तरफ जहां गर्मी का प्रकोप बढ़ रहा है, वहीं दूसरी ओर विदर्भ के कुछ जिलों में बेमौसम बारिश का ट्विस्ट देखने को मिलेगा, जिससे मौसम की जटिलता और बढ़ गई है. इधर अमरावती में लगातार आसमान से आग बरसने जैसा वातावरण है और पारा 45 डिग्री रहने से सभी को परेशानी झेलनी पड रही है. अमरावती संभाग के कुछ जिलों में आज-कल में बरसात की संभावना जतायी गई है.
* गर्मी की लहर का गंभीर अलर्ट
मौसम विभाग द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार, अमरावती, वर्धा और नागपुर इन तीन जिलों को भीषण गर्मी की लहर का अलर्ट दिया गया है. इन जिलों में तापमान 44 से 46 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने की संभावना है. नागपुर में पिछले कुछ दिनों में गर्मी के कारण 15 लोगों की मौत होने की चौंकाने वाली जानकारी सामने आई है, इसलिए प्रशासन ने नागरिकों से दोपहर के समय घर से बाहर न निकलने की अपील की है. मुंबई और कोंकण तटीय क्षेत्र में भी उमस भरे मौसम के कारण लोग परेशान हैं और न्यूनतम तापमान में भी वृद्धि हुई है. मुंबई में अगले चार दिनों तक गर्मी की लहर बने रहने का अनुमान है.
* वर्धा, यवतमाल में होगी बारिश
हालांकि, इस भीषण गर्मी के बीच विदर्भ के लिए एक राहत भरी खबर है. 2 मई से विदर्भ के वर्धा, यवतमाल, चंद्रपुर और गडचिरोली जिलों में एक बार फिर बारिश की संभावना जताई गई है. इस बेमौसम बारिश से तापमान में कुछ कमी आ सकती है, लेकिन उससे पहले की गर्मी असहनीय रहेगी. पश्चिम महाराष्ट्र में भी अधिकतम तापमान 39 डिग्री तक पहुंचने की संभावना है, जिससे किसानों की चिंता बढ़ गई है.
* लू से बचाव के लिए गाइडलाइन
बढ़ती गर्मी के कारण लू से बचाव के लिए स्वास्थ्य विभाग ने गाइडलाइन जारी की है. अधिक मात्रा में पानी पीना, दोपहर के समय यात्रा से बचना और सूती कपड़ों का उपयोग करना जैसी सलाह दी गई है. महाराष्ट्र दिवस के कार्यक्रम खत्म होने के बाद दोपहर में शहरों की सड़कों पर सन्नाटा देखने को मिल रहा है. राज्य के मौसम में यह धूप-बारिश का खेल मई के पहले पखवाड़े में इसी तरह जारी रहने की संभावना मौसम विशेषज्ञों ने जताई है.

Back to top button