पारिवारिक विवाद खूनी संघर्ष में बदला

बडे भाई ने छोटे भाई को उतारा मौत के घाट

* खेत जमीन के विवाद को लेकर भाईयों में हुआ था झगडा
* झगडे में बीच-बचाव करने गया तीसरा भाई हुआ घायल
* छाया नगर परिसर की घटना से शहर में सनसनी
अमरावती/ दि.2- शहर के नागपुरी गेट थाना क्षेत्र अंतर्गत छाया नगर में खेत-जमीन के पुराने विवाद ने शुक्रवार रात खूनी रूप ले लिया. आपसी पारिवारिक विवाद के दौरान एक सगे भाई ने अपने ही भाई की चाकू मारकर हत्या कर दी, जबकि बीच-बचाव करने आए दूसरे भाई को भी घायल कर दिया. घटना से इलाके में सनसनी फैल गई. पुलिस ने मुख्य आरोपी को हिरासत में ले लिया है, जबकि दो अन्य आरोपियों की तलाश जारी है. पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार, यह घटना शुक्रवार 1 मई की रात करीब 10:30 बजे छाया नगर स्थित आरोपी के घर के सामने हुई. नागपुरी गेट पुलिस ने इस मामले में भारतीय न्याय संहिता की धारा 103(1), 118(1), 3(5) के तहत मामला दर्ज किया है.
पुलिस के अनुसार, फरियादी मोहम्मद नाजीम मोहम्मद लुकमान (54, निवासी पूर्णा नगर) और मृतक मोहम्मद मकसूद मोहम्मद लुकमान (57, निवासी नूर नगर) तथा आरोपी अब्दुल तसकीन मोहम्मद लुकमान (60, निवासी छाया नगर) के सगे भाई हैं. तीनों भाइयों के बीच लंबे समय से खेत-जमीन को लेकर विवाद चल रहा था. इसी विवाद को सुलझाने के लिए फरियादी और मृतक शुक्रवार रात आरोपी के घर पहुंचे थे. बताया गया है कि खेत संबंधी चर्चा के दौरान भाइयों के बीच कहासुनी शुरू हो गई. देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि आरोपी अब्दुल तसकीन ने गुस्से में आकर मोहम्मद मकसूद पर चाकू से हमला कर दिया. आरोपी ने मकसूद के सीने पर चाकू से वार किया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया. घटना के दौरान जब फरियादी मोहम्मद नाजीम ने बीच-बचाव करने का प्रयास किया, तब आरोपी ने उस पर भी हमला कर दिया. नाजीम के माथे पर चाकू लगने से वह घायल हो गया. घटना के बाद गंभीर रूप से घायल मकसूद को तत्काल उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया.
इस घटना के बाद क्षेत्र में तनाव का माहौल बन गया और छाया नगर परिसर में लोगों की भीड़ जमा हो गई. घटना की सूचना मिलते ही नागपुरी गेट पुलिस मौके पर पहुंची और हालात को नियंत्रित किया. पुलिस ने मुख्य आरोपी अब्दुल तसकीन मोहम्मद लुकमान को तत्काल हिरासत में ले लिया. मामले में अन्य दो आरोपियों नाहिद काजी उर्फ रेहमान डेंटर तथा सलेकिन अब्दुल सलीम काजी की भूमिका भी सामने आई है. दोनों फरार बताए जा रहे हैं और पुलिस उनकी तलाश में जुटी है. प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि यह पूरा मामला पारिवारिक संपत्ति और खेत-जमीन के बंटवारे को लेकर लंबे समय से चले आ रहे विवाद का परिणाम है. घटना ने एक बार फिर यह सवाल खड़ा कर दिया है कि पारिवारिक संपत्ति विवाद किस तरह मामूली कहासुनी से जानलेवा रूप ले लेते हैं. नागपुरी गेट पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है. मुख्य आरोपी से पूछताछ की जा रही है, जबकि फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीमें रवाना की गई हैं.मामले की आगे की जांच सहायक पुलिस निरीक्षक कुलथे कर रहे हैं. पुलिस का कहना है कि जांच के बाद इस हत्याकांड में शामिल अन्य आरोपियों की भूमिका भी स्पष्ट हो जाएगी.

Back to top button