अकोली रोड पर चेन स्नैचिंग

पैदल जा रही महिला के गले से मंगलसूत्र झपटकर चेन स्नैचर फरार

* राजापेठ थाना क्षेत्र की घटना
अमरावती/दि.4 – ऑटो रिक्शा से उतरकर पैदल घर की तरफ अपनी बहन के साथ जा रही एक महिला के गले से बाइक सवार दो युवकों ने सोने का मंगलसूत्र झपट लिया और फरार हो गए. यह सनसनीखेज घटना शुक्रवार 1 मई की रात राजापेठ थाना क्षेत्र में आनेवाले अकोली रोड स्थित दरगाह के पास घटित हुई. पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरु की है.
जानकारी के मुताबिक अकोली रोड के दरगाह के पास ईश्वर कॉलोनी में रहनेवाली पुष्पा दिलीपसिंग डेचरवार (58) नामक महिला शुक्रवार 1 अप्रैल को अपनी बहन के साथ डॉ. वडनेरकर हॉस्पिटल में गई थी. वहां से ऑटो रिक्शा में बैठकर अकोली रोड स्थित दरगाह के पास पहुंची. वहां से दोनों बहन पैदल जा रहे थे, तब दरगाह के पास दो युवक दुपहिया वाहन पर बैठे हुए थे. इन बाइक सवार युवकों ने पुष्पा के गले से 1 लाख 50 हजार रुपए मूल्य का 15 ग्राम सोने का मंगलसूत्र झपट लिया और वहां से भाग गए. महिला के चीखने पर क्षेत्र के नागरिक वहां इकठ्ठा हो गए. सभी ने संपूर्ण परिसर छान मारा, लेकिन चेन स्नैचर तब तक वहां से पलायन कर चुके थे. मामले की शिकायत राजापेठ थाने में दर्ज की गई. पुलिस ने शिकायत के आधार पर बीएनएस की धारा 304 (2), 3 (5) के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरु की है.

Back to top button