फिर दो फ्लाइट डायवर्ट हुईं नागपुर

रायपुर में मौसम बदला

** कोलकाता और अहमदाबाद के थे यात्री सवार
नागपुर /दि.6- मई के महीने में इन दिनों मौसम का अचानक से बदलना विमानन सेवा को बार-बार प्रभावित कर रहा है. मंगलवार की शाम रायपुर में मौसम खराब होने की वजह से 2 फ्लाइट को नागपुर डायवर्ट किया गया. धूल भरी तेज आंधी और बिजली कडकने के कारण रायपुर के स्वामी विवेकानंद विमानतल से उडान भरनेवाली और लैंड होनेवाली उडाने रद्द हुई. मौसम का असर ऐसा रहा कि, उडानों को रायपुर से नागपुर और इंदौर डायवर्ट करना पडा. दोनों उडानें मौसम साफ होने के बाद अपने निर्धारित समय से साढे तीन घंटा देरी से पहुंची. यात्रियों को थोडी असुविधा तो हुई, किंतु सभी यात्री सुरक्षित रहे.
* कोलकाता और अहमदाबाद
नागपुर विमानतल के अधिकारियों ने बताया कि कोलकाता से रायपुर की उडान संख्या 6 ई 417 को मंगलवार शाम 5.10 बजे उडान भरकर 6.30 बजे रायपुर पहुंचना था. किंतु रायपुर में मौसम खराब हो गया. आंधी-तूफान में उडान की लैंडींग में समस्या आ सकती थी, अत: पायलट ने नागपुर एटीसी को फोन पर सूचना देकर विमानतल पर लैंड करने की अनुमति मांगी. शाम 6.35 बजे यह उडान नागपुर विमानतल पर उतरी. ऐसे ही उडान संख्या 6 ई 6194 रायपुर से करीब मंगलवार शाम 6.45 बजे उडान भरी, किंतु मौसम खराब होने से इस उडान के पायलट ने भी नागपुर एटीसी से अनुमति लेकर विमानतल पर फ्लाइट को सुरक्षित उतारा. दोनों ही फ्लाइट के सभी मुसाफिर सुरक्षित रहे और विमानतल पर उनके लिए सभी व्यवस्था की गई.
* सप्ताह में तीसरा अवसर
उडानों को नागपुर डायवर्ट करने का यह एक सप्ताह में तीसरा मौका रहा. खासकर रायपुर से उडान नागपुर डायवर्ट की गई. गत शनिवार को भी नागपुर में अचानक मौसम खराब होने से एक उडान को रायपुर डायवर्ट किया गया था. जबकि पिछले गुरुवार रायपुर की उडान नागपुर डायवर्ट हुई थी. एक-दूसरे के लिए नागपुर और रायपुर विमानतल मददगार सिद्ध हो रहे हैं. मौसम में अचानक बदलाव एवं खराब विजिबिलिटी की वजह से उडानों के संचालन पर असर पडा है.

Back to top button