डाका डालने की तैयारी में रहे 3 बदमाश धरे गये, 5 फरार

तलवार, चाकू, फरशा, रॉड, मिर्ची पावडर और लाठी जब्त

* मंगरुल दस्तगीर पुलिस की कार्रवाई
* गिरफ्तार 3 आरोपियों में 2 वर्धा जिले के रहने वाले
अमरावती/दि.7 – मंगरुल दस्तगीर पुलिस के दल ने बुधवार 6 मई की रात पेट्रोलिंग के दौरान आष्टा खेत शिवार में हंसराज जाधव के खेत के पास रात के अंधेरे में तीक्ष्ण हथियारों के साथ डाका डालने की तैयारी में छिपे बैठे 3 बदमाशों को गिरफ्तार कर उनके पास से तलवार, चाकू, फरशा, रॉड और मिर्ची पावडर जब्त कर लिया है. 5 आरोपी पुलिस को चकमा देकर भागने में सफल हो गया. गिरफ्तार आरोपियों के नाम वर्धा जिले के पुलगांव निवासी रवि रुपराव मेश्राम (27), अमित गणेशराव चौधरी (28) और धामणगांव रेल्वे तहसील के आष्टा ग्राम निवासी मंगेश श्रावण मेश्राम (39) है. जबकि फरार 5 आरोपियों के नाम पुलगांव निवासी राज नहारकर, मंगरुल दस्तगीर निवासी मंगेश सुखलाल ठाकरे, आदेश नाताडे और झाडा ग्राम निवासी चेतन मोहोड व अन्य एक का समावेश है.
जानकारी के मुताबिक मंगरुल दस्तगीर के थानेदार शरद अहेर के नेतृत्व में हेड कांस्टेबल सहदेव राठोड, सतीश ठवकर, अमर वाघमारे, अमोल हिवराले, जीवन लांडगे, स्वप्निल चिंचखेडे, अविनाश राठोड, संदीप पाटिल, जय गवई, प्रभु राठोड का दल जिला पुलिस अधीक्षक निकेतन गौतम, अपर पुलिस अधीक्षक दत्ता तोटेवार के मार्गदर्शन में बुधवार 6 मई की रात पेट्रोलिंग कर रहा था, तब आष्टा ग्राम के खेत शिवार में मंगरुल दस्तगीर रोड पर हंसराव जाधव के खेत के पास कुछ लोग 3 चारपहिया वाहन औ एक दुपहिया वाहन खडा कर संदिग्ध अवस्था में छिपे बैठे दिखाई दिये. पुलिस ने जाल बिछाकर तीन आरोपियों को दबोच लिया. लेकिन पांच लोग अंधेरे का फायदा उठाकर भाग गये. गिरफ्तार आरोपियों के पास से तीक्ष्ण हथियार जब्त किये गये. पूछताछ करने पर इन आरोपियों ने बताया कि, वे सभी डाका डालने के मकसद से पूरी तैयारी में बैठे थे. मंगरुल पुलिस ने इन आरोपियों के खिलाफ बीएनएस की धारा 310 (4) और आर्म एक्ट की धारा 4/25 के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरु की है.

Back to top button