सहकार और विकास पैनल में मुकाबला

धन्वंतरी सहकारी रूग्णालय सहकारी संस्था

* आगामी रविवार 17 को मतदान,संचालक मंडल चुनाव 2026-2031
* सुधीर खंबायत हैं मुख्य चुनाव अधिकारी
अमरावती/दि.11 – बडनेरा रोड स्थित धन्वंतरी सहकारी रूग्णालय सहकारी संस्था का पंचवार्षिक संचालक मंडल चुनाव हेतु आगामी रविवार 17 मई को सुबह 8 से दोपहर 4 बजे दौरान मतदान होगा. चुनाव में धन्वंतरी विकास पैनल और धन्वंतरी सहकार पैनल के बीच 11 संचालक पदों हेतु मुकाबला होने जा रहा है. दोनों ही पैनल के अतिरिक्त कुछ निर्दलीय प्रत्याशी भी भाग्य आजमा रहे हैं. बता दें कि विकास पैनल को नगाडा और सहकार पैनल को बल्ला चुनाव चिन्ह मिला है. चुनाव अधिकारी के रूप में सुधीर खंबायत देखरेख कर रहे हैं. आगामी रविवार को कैम्प रोड स्थित आर्कीड स्कूल में बनाए गये 8 मतदान केन्द्रों पर लगभग 3171 वोटर्स अपने मताधिकार का प्रयोग कर सकेंगे.
* सहकार पैनल के 6 संचालक निर्विरोध
उल्लेखनीय है कि सहकार पैनल के 6 उम्मीदवार चुनाव में निर्विरोध चुन लिए गये हैं. उनमें डॉ. ओ.जी. मूंधडा, डॉ. अनिल रोहणकर, डॉ. आशीष साबू , डॉ. मनोज गुप्ता, डॉ. अविनाश लव्हाले, डॉ. स्वप्निल शिरभाते का समावेश है. जबकि सामान्य श्रेणी के 7 संचालक पद हेतु सहकार पैनल के सर्वश्री राजेश गोयनका, डॉ. प्रमोद झाडे, अशोक ठाकरे, अजय दातेराव, ओंकारराव बंड, प्रतापराव भुयार, गजानन रडके, महिला आरक्षित दो सीटों से मीनल मनीष देशमुख और वंदना प्रशांत वानखडे एवं ओबीसी सीट से अमित गावंडे, एस. सी.सीट से संजय खडसे, एसटी सीट से अरूण बांबल उम्मीदवार है.
विकास पैनल से सर्वसामान्य संचालक सीट से अजय गरोठ्या, संदीप जायस्वाल, राजेंद्र जाजू, डॉ. कौस्तुभ ठाकरे, सुधीर देशमुख, पंकज राठी, महिला सीट से वंदना सुधीर देशमुख, अपर्णा जीतेन्द्र रोडे, ओबीसी सीट से धनंजय भाकरे, एस.सी. सीट से डॉ. गौरव काशीकर और एसटी सीट से अमोल घुरडे मैदान में है. ओबीसी सीट से शहर के अनेक सामाजिक संगठनों से नाता रखनेवाले, एक्टीव घनश्याम रामचंद्र जी वर्मा भी चुनाव मैदान में निर्दलीय के रूप में खडे हैं.
* 50 वर्ष की विकासशील संस्था
धन्वंतरी सहकारी अस्पताल की स्थापना 50 वर्ष पूर्व डॉ. रामभाउ ठाकरे ने की थी. संस्था प्रगतिशील रही. आज बडनेरा रोड पर संस्था का अस्पताल और मार्केट स्थित है. अनेक प्रकार की बीमारियों के तत्काल उपचार के साथ ही अत्यंत किफायती रूप में यहां प्रसूति भी होती है. नेत्र विशेषज्ञ और सर्जन यहां ऑन कॉल उपलब्ध है. करीबन मध्यम वर्गीय लोगों के लिए संस्था ने किफायती उपचार अनेक वर्षो से उपलब्ध किया है. संचालक मंडल चुनाव निर्विरोध करवाने का प्रयत्न और आवाहन संस्था के सभासदों ने किया था. किंतु एक राय नहीं बन सकी. अब चुनाव हो रहे है.
* आर्कीड स्कूल में मतदान
आगामी रविवार 17 मई को सबेरे 8 से दोपहर 4 बजे दौरान पुराना आशीर्वाद मंगल कार्यालय स्थित आर्कीड सिटी इंटरनेशल स्कूल में बनाए गए 8 मतदान केन्द्रों पर वोटिंग ली जायेगी. लगभग 3 हजार 100 से अधिक वोटर्स है. कई वोटर्स दिवंगत हो गये हैं. ऐसे में 2800 वोटर्स में से कितने अपने मताधिकार का उपयोग करते हैं. यह देखनेवाली बात होगी. चुनाव परिणाम 18 मई को घोषित किए जायेंगे. मतगणना सबेरे 9 बजे से शुरू होने की जानकारी चुनाव अधिकारी सुधीर खंबायत ने दी.

Back to top button