मनपा के कंत्राटी कर्मचारी की बेटियों ने बढ़ाया शहर का मान
उपमहापौर सचिन भेंडे ने किया सम्मान

* दसवीं में शानदार सफलता पर दी शुभकामनाएं
अमरावती/दि.16– शहर के प्रतिभाशाली विद्यार्थियों को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से अमरावती महानगरपालिका के उपमहापौर सचिनभाऊ भेंडे की ओर से सोमवार को उपमहापौर कक्ष में विशेष सम्मान समारोह आयोजित किया गया. इस अवसर पर महानगरपालिका में कंत्राटी कर्मचारी के रूप में कार्यरत चंद्रकांत बुंदेले की दोनों बेटियों की दसवीं बोर्ड परीक्षा में उल्लेखनीय सफलता पर उनका अभिनंदन किया गया.
जानकारी के अनुसार कु. रिद्धी चंद्रकांत बुंदेले ने दसवीं परीक्षा में 92.20 प्रतिशत अंक प्राप्त किए, जबकि उनकी बहन कु. सिद्धी चंद्रकांत बुंदेले ने 87 प्रतिशत अंक हासिल कर उत्कृष्ट सफलता प्राप्त की. सीमित संसाधनों और सामान्य पारिवारिक पृष्ठभूमि के बावजूद दोनों छात्राओं की इस उपलब्धि की सराहना की जा रही है.
उपमहापौर सचिनभाऊ भेंडे ने दोनों छात्राओं के पिता चंद्रकांत बुंदेले का पुष्पगुच्छ देकर सत्कार किया तथा बेटियों की सफलता पर परिवार को बधाई दी. उन्होंने कहा कि मेहनत, लगन और शिक्षा के प्रति समर्पण से किसी भी परिस्थिति में सफलता हासिल की जा सकती है. ऐसे विद्यार्थी समाज के लिए प्रेरणास्रोत होते हैं. उन्होंने दोनों छात्राओं के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए आगे की शैक्षणिक यात्रा के लिए शुभेच्छाएं भी दीं. इस अवसर पर शिक्षण समिति सभापति अॅड. प्रीती रेवणे, गटनेते नानाभाऊ आमले सहित अन्य मान्यवर उपस्थित थे.





