दिल्ली पब्लिक स्कूल को बेस्ट स्कूल अवॉर्ड
मेधावी छात्रा विधिशा को जिलास्तरीय प्रथम पुरस्कार

अमरावती/दि.16– शिक्षा के क्षेत्र में सफलता का परचम लहराते हुए दिल्ली पब्लिक स्कूल (डीपीएस) अमरावती को प्रतिष्ठित डॉ. होमी भाभा फाउंडेशन द्वारा इस वर्ष के सर्वश्रेष्ठ विद्यालय पुरस्कार से सम्मानित किया गया. यह सम्मान विद्यालय द्वारा वर्षों से बनाए गए उच्च शैक्षणिक मानकों, अनुशासन और नवाचारी शिक्षण पद्धतियों की महत्वपूर्ण पहचान माना जा रहा है. फाउंडेशन द्वारा पुरस्कार चयन के लिए निर्धारित कठोर मापदंडों के अंतर्गत विद्यालय के उत्कृष्ट परीक्षा परिणाम, विद्यार्थियों में नैतिक मूल्यों का विकास तथा खेल, कला और विज्ञान जैसे विविध क्षेत्रों में उनकी सक्रिय भागीदारी को प्रमुख आधार बनाया गया.
इस सम्मान से यह स्पष्ट होता है कि, डीपीएस अमरावती केवल अकादमीक शिक्षा तक सीमित नहीं है, बल्कि विद्यार्थियों के सर्वांगिण विकास हेतु निरंतर प्रयासरत है. इस उपलब्धि पर विद्यालय के मुख्य कार्यकारी अधिकारी डी. ए. पाटिल ने इसे सामूहिक टीम वर्क का परिणाम बताते हुए कहा कि, यह सम्मान शिक्षकों की मेहनत और अभिभावकों के विश्वास का प्रतिफल है. वहीं विद्यालय के प्राचार्य हिमाद्री शेखर देसाई ने इसे नई जिम्मेदारी बताते हुए कहा कि, विद्यालय भविष्य में आधुनिक तकनीक और पारंपरिक मूल्यों के समन्वय से शिक्षा के नए मापदंड स्थापित करेगा.
विद्यालय की सफलता को और गौरवपूर्ण बनाते हुए डीपीएस की मेधावी छात्रा विधिशा तापडिया को डॉ. होमी भाभा फाउंडेशन मुंबई द्वारा जिलास्तरीय प्रथम पुरस्कार से सम्मानित किया गया. विधिशा की इस उपलब्धि ने यह साबित कर दिया कि, डीपीएस अमरावती विद्यार्थियों की व्यक्तिगत प्रतिभा को निखारने में भी अग्रणी भूमिका निभा रहा है. डीपीएस अमरावती की इस दोहरी उपलब्धि से पूरे अमरावती शहर में खुशी का माहौल है. अभिभावकों ने विद्यालय की गुणवत्ता, अनुशासन और शिक्षा के प्रति समर्पण की सराहना करते हुए इसे शहर के लिए गर्व का क्षण बताया. डीपीएस अमरावती को मिला यह सम्मान भविष्य के जागरुक, सक्षम और जिम्मेदार नागरिक तैयार करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि माना जा रहा है.





