डफले हॉस्पिटल में पहली बार अत्याधुनिक एंडोस्कोपी उपचार

डॉ. अमित अजय डफले की पहल

अमरावती/दि.16- डफले हॉस्पिटल में पहली बार एक जटिल पेट और छोटी आंत की समस्या का अत्याधुनिक एंडोस्कोपी तकनीक द्वारा सफल उपचार किया गया.
एक मरीज को अंडालय के कैंसर के कारण छोटी आंत के शुरुआती हिस्से में रुकावट हो गई थी. इसके कारण मरीज कुछ खा नहीं पा रहा था और बार-बार उल्टियां हो रही थी. सामान्य पद्धति से स्टेंट डालने का प्रयास किया गया. लेकिन रुकावट बहुत अधिक संकरी होने के कारण वह सफल नहीं हो सका.
इसके बाद डफले हॉस्पिटल के एंटेरोलॉजिस्ट डॉ. अमित अजय डफले ने शुरुआती ईयूएस-गैस्ट्रोजेजुनोस्टोमी प्रक्रिया सफलतापूर्वक की. यह प्रक्रिया अमरावती में पहली बार की गई है. इस प्रक्रिया में एंडोस्कोपी और अल्ट्रासाउंड की सहायता से पेट और छोटी आंत (जेजुनम) के बीच एक बडा स्टेंट डालकर नया मार्ग बनाया गया. जिससे रुकावट को पार कर भोजन आगे जा सके. इस एंडोस्कोपिक उपचार के कारण बडी सर्जरी किए बिना ही मरीज फिर से भोजन लेने लगा. प्रक्रिया के बाद मरीज की स्थिति स्थिर है और जांच में भोजन का प्रवाह सामान्य रुप से शुरु होने की पुष्टि हुई है. डॉ. डफले ने बताया कि, ऐसी कठिन रुकावटों में यह पद्धति सुरक्षित और प्रभावी है. इससे बडे ऑपरेशन की आवश्यकता टल जाती है और मरीज जल्दी स्वस्थ होता है. अब डफले हॉस्पिटल में पेट और आंतों के जटिल रोगों के साथ-साथ लिवर, पित्ताशय तथा पैंक्रियाज से संबंधित बीमारियों के आधुनिक उपचार अमरावती में ही उपलब्ध है. इससे मरीजों को बडे शहरों में जाने की आवश्यकता कम होगी.

Back to top button