इंस्टाग्राम लोकेशन के जरिए जंगल में मिला लापता युवक का शव
पेड से लटककर की आत्महत्या

अमरावती/दि.18– शहर के गाडगेनगर थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले कपिलवस्तु नगर के एक 18 वर्षीय युवक ने पेड से लटक कर आत्महत्या कर ली. मृतक की पहचान यश भागवत के रूप में हुई है, जो पेशे से पेंटिंग का काम करता था. उसका शव फ्रेजरपुरा थाना क्षेत्र के पोहरा मार्ग पर स्थित जंगल में पेड से लटका हुआ मिला.
जानकारी के अनुसार, यश गुरूवार की सुबह रोजाना की तरह अपना टिफीन लेकर काम के लिए घर से निकला था. लेकिन देर रात होने के बाद भी जब वह घर नहीं लौटा, तो परिवार वाले चिंतित हो गये और उसकी तलाश शुरू की. इस बीच यश के दोस्तों ने भी उसे फोन लगाने की कोशिश की. लेकिन उसका फोन नहीं लग रहा था. अनहोनी की आशंका को देखते हुए दोस्तों ने तकनीकी सूझबूझ का परिचय दिया और इंस्टाग्राम के जरिए यश की लाइव लोकेशन ट्रैक की उसकी लोकेशन पोहरा मार्ग पर दिखाई दे रही थी.
लोकेशन के आधार पर जब दोस्त पोहरा मार्ग पहुंचे, तो उन्हें सडक किनारे यश की मोटर साइकिल खडी मिली, लेकिन यश वहां कहीं दिखाई नहीं दे रहा था. रात का समय होने और जंगल में काफी अंधेरा होने के कारण दोस्तों ने खुद अंदर जाने की बजाय तुरंत फे्रजरपुरा पुलिस को इस बात की सूचना दी. सूचना मिलते ही फ्रेजरपुरा पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और टार्च की रोशनी में जंगल के भीतर तलाशी अभियान शुरू किया.
पुलिस को कुछ ही दूरी पर यश का शव पेड पर लटका हुआ मिला. पुलिस ने शव को नीचे उतारकर पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भिजवाया. शुरूआती जांच के बाद फ्रेजरपुरा पुलिस ने इस मामले में आकस्मिक मौत का मामला दर्ज कर लिया है. यश ने यह आत्मघाती कदम क्यों उठाया, इसके कारणों का अभी तक पता नहीं चल पाया है. पुलिस परिजनों और दोस्तों से पूछताछ कर मामले की आगे की जांच कर रही है.





