बकाया संपत्ति कर पर मनपा की कार्रवाई, 40 फ्लैट समेत माधव लॉन को जब्ती नोटिस

तीन साल से टैक्स नहीं भरने पर जोन-3 प्रशासन ने की कार्रवाई

अमरावती/दि.8 – अमरावती मनपा आयुक्त डॉ. मंगेश गोंदावले के आदेश पर मनपा के जोन क्रमांक 3 अंतर्गत दस्तूरनगर क्षेत्र की नंदनवन कॉलोनी और माधव लॉन परिसर में बकाया संपत्ति कर को लेकर कार्रवाई की गई. पिछले तीन वर्षों से संपत्ति कर का भुगतान नहीं करने पर कुल 40 फ्लैटों पर जब्ती की नोटिस चस्पा की गई हैं.
मनपा प्रशासन के अनुसार नंदनवन कॉलोनी, माधव लॉन के समीप वार्ड क्रमांक सी-7 में संपत्ति क्रमांक 1640/1 से 1640/20 तथा 1641/1 से 1641/20 तक के कुल 40 फ्लैटधारकों ने पिछले तीन वर्षों से संपत्ति कर जमा नहीं किया है. इसके चलते 9 सितंबर 2026 को सभी 40 फ्लैटों पर जब्ती की नोटिस लगाई गई. मनपा प्रशासन ने बताया कि संबंधित संपत्तियों के मालिक मुकुंद दातेराव बिल्डर और श्री वर्‍हाडे बिल्डर की ओर से अब तक इस कार्रवाई के संबंध में कोई प्रतिक्रिया अथवा जवाब प्राप्त नहीं हुआ है. बकाया संपत्ति कर की वसूली के उद्देश्य से मनपा ने यह कार्रवाई की है.

* माधव लॉन को भी नोटिस
इसी परिसर में स्थित माधव लॉन का भी संपत्ति कर बकाया होने के कारण महानगरपालिका प्रशासन की ओर से वहां नोटिस जारी की गई है. मनपा द्वारा बकाया कर की वसूली के लिए संबंधित संपत्ति धारकों पर नियमानुसार कार्रवाई की जा रही है. यह कार्रवाई जोन क्रमांक 3 के सहायक आयुक्त नितीन बोबडे के नेतृत्व एवं उपस्थिति में की गई. इस दौरान क्षेत्रीय अधिकारी प्रवीण ठाकरे और कर लिपिक राज डेंडुले उपस्थित थे. मनपा प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि बकाया संपत्ति कर की वसूली के लिए आने वाले दिनों में भी इसी तरह की कार्रवाई जारी रहेगी.

Back to top button