पत्नी की हत्या कर पिया जहर
टाकली जहांगीर की घटना

* नांदगांव पेठ पुलिस जुटी जांच में
* आरोपी वृद्ध को कम सुनाई देता है, अस्पताल में उपचार शुरु
नांदगांव पेठ/दि.16 – नांदगांव पेठ थाना अंतर्गत टाकली जहांगीर में 70 साल के व्यक्ति ने शुक्रवार शाम 6 बजे अपनी 60 वर्षीया पत्नी की घातक शसे से हत्या कर दी. फिर खुद ने भी आत्महत्या का प्रयास किया. आरोपी को अस्पताल भर्ती किया गया है. उसका नाम अर्जुन नामदेवराव सोनोने बताया गया है. मृत पत्नी का नाम राजकन्या सोनोने है.
पुलिस ने बताया कि, टाकली जहांगीर के भीमनगर बुद्ध विहार परिसर की यह वारदात है. राजकन्या सोनोने का खून से लथपथ शव घर से मिला. नांदगांव पेठ के थानेदार दिनेश दहातोंडे ने खबर मिलते ही घटनास्थल की ओर दौड लगाई. घर का दरवाजा खोलकर भीतर प्रवेश किया, तो राजकन्या मृतावस्था में पडी थी. सिर पर गंभीर चोट थी और काफी खून बह गया था. पारिवारिक कलह के कारण यह कत्ल होने की आशंका पुसिल ने व्यक्त की है.
पुलिस ने बताया कि, दंपति का बेटा पुलिस में ही कार्यरत है. शुक्रवार शाम पति-पत्नी अर्जुन और राजकन्या के बीच किसी बात पर झगडा हुआ. गुस्से में अर्जुन ने पत्नी के सिर पर लोहे की सब्बल दे मारी. गंभीर चोट के साथ काफी खून बह गया और राजकन्या की जगह पर ही जान चली गई. बगल में ही उनकी पुत्रवधू रहती है. वह चीख सुनकर दौड आई. खिडकी से देखा, तो भयानक मंजर दिखाई दिया. इधर अर्जुन सोनोने ने विष प्राशन कर लिया. पुलिस और गांव के लोगों ने घर का दरवाजा तोडकर अर्जुन को जिला अस्पताल भेजा. वहां प्राथमिक उपचार के बाद निजी अस्पताल में भर्ती किया गया है. उसकी दशा चिंताजनक बताते हुए, यह भी कहा गया कि, आरोपी अर्जुन को कम सुनाई देता था.
थानेदार दिनेश दहातोंडे ने बताया कि, हत्या का केस दर्ज किया गया है. आरोपी के अस्पताल से डिस्चार्ज पश्चात उसे गिरफ्तार किया जाएगा. गांव में घटना से खलबली मची है.





