चीनी मिलें आगामी समय में इथेनॉल पंप शुरू करें

केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी की बडी सलाह

* 5 जून से इथेनॉल आधारित गाडियां मार्केट में
पुणे /दि.16- चीनी मिल मालिकों को चीनी उत्पादन पर जोर न देते हुए इथेनॉल उत्पादन बढ़ाना जरूरी है. सिर्फ चीनी उत्पादन से मुनाफा कमाना अब असंभव है. इथेनॉल का उत्पादन बढ़ाकर आगामी समय में चीनी मिल मालिकों को खुद के इथेनॉल बिक्री पंप शुरू करना आवश्यक है, ऐसा प्रतिपादन केंद्रीय सड़क एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी ने किया.
भुईंज स्थित किसन वीर सह. चीनी मिल में आयोजित देशभक्त आबासाहेब वीर कृतज्ञता पुरस्कार वितरण कार्यक्रम में वे बोल रहे थे. इस अवसर पर विधान परिषद के पूर्व सभापति रामराजे नाईक-निंबालकर, राहत एवं पुनर्वास मंत्री और किसन वीर मिल के अध्यक्ष मकरंद पाटिल, सार्वजनिक निर्माण मंत्री शिवेंद्रसिंहराजे भोसले, सांसद उदयनराजे भोसले, सांसद नितिन पाटिल, पूर्व मंत्री बालासाहेब पाटिल, प्रभाकर घार्गे, प्रमोद शिंदे उपस्थित थे.
मंत्री गडकरी ने कहा, ’किसान सिर्फ अन्नदाता नहीं बल्कि वह अब ईंधनदाता होना चाहिए, इसके लिए हमारे प्रयास जारी हैं. आने वाले विश्व पर्यावरण दिवस पर 80 प्रतिशत इथेनॉल पर चलने वाली गाड़ियां हम बाजार में बिक्री के लिए पेश कर रहे हैं. भविष्य में शत-प्रतिशत (100%) इथेनॉल पर चलने वाली गाड़ियों का निर्माण करने के निर्देश वाहन निर्माता कंपनियों को दिए हैं. खेती के लिए उपयोग की जाने वाली मशीनरी इथेनॉल या बायो-सीएनजी पर चलाने से किसानों की उत्पादन लागत कम होगी. हाइड्रोजन भविष्य है और उसकी कीमत सौ रुपये तक लाई जा सकी, तो हमारा देश ईंधन आयात करने वाला देश नहीं बल्कि ईंधन निर्यात करने वाला देश बनेगा.’
मंत्री मकरंद पाटिल ने कहा, इस पुरस्कार की ऊंचाई और पुरस्कार मूर्ति नितिन गडकरी का यह सच्चा संगम इस परिसर को देखने मिला. यह हमारा सौभाग्य है. मंत्री शिवेंद्रसिंहराजे भोसले ने कहा, मंत्री नितिन गडकरी के काम का दायरा और उनकी नजरों में विकास कार्यों का नियोजन इस राज्य के निर्माण विभाग ने अनुभव किया है. इसके आगे देश के राजमार्गों को सुगम बनाते समय मेरे और मकरंद पाटिल के निर्वाचन क्षेत्र पर विशेष ध्यान देंगे, ऐसा विश्वास है. उपाध्यक्ष प्रमोद शिंदे ने स्वागत किया. निदेशक दिलीप पिसाल ने आभार माना.

Back to top button