दर्यापूर में गोवंश ले जा रहे वाहन पर हमला
दो गुटों में पथराव, पुलिसकर्मी घायल

* वाहन का भारी नुकसान, मध्यरात्रि तनाव जैसी परिस्थिति
* पुलिस ने वाहन और मवेशियों को कब्जे में लेकर आरोपियों को किया गिरफ्तार
दर्यापूर/दि.18 – शहर में रविवार रात अवैध रूप से गोवंशीय पशुओं को ले जा रहे वाहन पर हमला और उसके बाद दो गुटों के बीच हुए विवाद ने तनावपूर्ण स्थिति पैदा कर दी. घटना के बाद इलाके में भारी पुलिस बंदोबस्त तैनात किया गया है. पुलिस ने वाहन और छह गोवंश को कब्जे में लेकर कुछ आरोपियों को हिरासत में लिया है.
जानकारी के अनुसार, खोलापुर क्षेत्र से एक इनोवा वाहन में सात गोवंश को ठूंसकर अकोला की दिशा में ले जाया जा रहा था. इसकी सूचना हिंदुत्ववादी संगठन के कार्यकर्ताओं को मिली. कार्यकर्ताओं ने वाहन का पीछा करते हुए दर्यापूर शहर के बाभली परिसर में उसे रोक लिया. वाहन रुकवाने के बाद उसमें भरे गए पशुओं को बाहर निकाला गया. इस दौरान कार्यकर्ता आक्रोशित हो गए और उन्होंने वाहन में तोड़फोड़ शुरू कर दी. घटना से इलाके में अफरा-तफरी मच गई. सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची.
बताया जा रहा है कि इस दौरान हिंदुत्ववादी संगठन के कार्यकर्ताओं ने नारेबाजी भी की, जिससे माहौल तनावपूर्ण हो गया. बाभली परिसर के मुस्लिम समुदाय के लोगों ने वाहन में तोड़फोड़ न करने और पशुओं सहित वाहन को सीधे पुलिस स्टेशन ले जाने की बात कही. इसी बात को लेकर दोनों पक्षों में विवाद बढ़ गया और देखते ही देखते मामला पथराव तक पहुंच गया. पथराव के दौरान एक पुलिसकर्मी को भी हल्की चोट लगने की जानकारी सामने आई है. पुलिस ने देर रात अतिरिक्त बंदोबस्त तैनात कर स्थिति को नियंत्रित किया. घटना में शामिल वाहन और छह गोवंश को पुलिस ने अपने कब्जे में ले लिया है. पुलिस ने दोनों पक्षों के कुछ लोगों को हिरासत में लिया है, जबकि अन्य आरोपियों की तलाश जारी है. पुलिस सूत्रों के अनुसार, मामले में पुलिस की शिकायत पर दंगा का मामला दर्ज कर जांच शुरु की है.





