प्रवीण पोटे का नाम भाजपा की ओर से लगभग तय

विजयी हैट्रिक लगाने के लिए तैयार हैं पोटे

* लगातार दो बार विधायक रह चुके पोटे ने पिछली बार किया था क्लीन स्वीप
* इस बार रहेगी ऐतिहासिक सफलता को दोहराने की चुनौती
अमरावती/ दि. 18 – महाराष्ट्र विधान परिषद की सीट हेतु अमररावती के स्थानीय स्वायत्त निकाय क्षेत्र में होनेवाले चुनाव घोषणा हो चुकी है. जिसके लिए भाजपा की ओर से पूर्व मंत्री प्रवीण पोटे पाटिल का नाम सबसे प्रमुख दावेदार के रूप में चर्चा में है तथा माना जा रहा है कि भाजपा द्बारा प्रत्याशी के तौर पर पूर्व मंत्री प्रवीण पोटे पाटिल का नाम लगभग तय कर लिया गया है.
बता दें कि भाजपा नेता व पूर्व मंत्री प्रवीण पोटे लगातार दो बार इस क्षेत्र से विधान परिषद सदस्य रह चुके हैं और पिछला चुनाव उन्होंने एकतरफा अंदाज में जीतकर अपनी राजनीतिक पकड़ मजबूत साबित की थी. बाद में उन्हें राज्य मंत्रिमंडल में भी स्थान मिला था. अब राजनीतिक हलकों में यह चर्चा जोरों पर है कि भाजपा उन्हें लगातार तीसरी बार मौका देकर हैट्रिक बनाने का अवसर देने जा रही है. इसके चलते पोटे समर्थकों ने अभी से सक्रियता बढ़ा दी है, जबकि अंतिम निर्णय को लेकर जिले भर की निगाहें भाजपा नेतृत्व पर टिकी हुई हैं. उम्मीद जताई जा रही है कि भाजपा के वरिष्ठ नेतृत्व द्बारा आगामी 28 मई तक अमरावती स्वायत्त निकाय क्षेत्र से अपने अधिकृत प्रत्याशी के नाम की घोषणा की जा सकती है.

भाजपा शहराध्यक्ष डॉ. धांडे अब भी प्रयासरत
जहां एक ओर विधान परिषद चुनाव हेतु भाजपा के वरिष्ठ नेताओं द्बारा इस निर्वाचन क्षेत्र से लगातार दो बार विधायक रह चुके पूर्व मंत्री प्रवीण पोटे पाटिल का नाम लगभग तय कर लिए जाने की जानकारी है. वही दूसरी तरफ राणा दंपत्ति द्बारा इस सीट हेतु भाजपा प्रत्याशी के तौर डॉ. नितिन धांडे का नाम आगे बढाया जा रहा हैं. जिसके चलते डॉ. धांडे ने अपने जन्मदिवस पर आयोजित अभिष्ट चिंतन समारोह में जबरदस्त शक्ति प्रदर्शन करते हुए खुद को टिकट मिलने की उम्मीद के चलते मनपा पार्षदों से संपर्क करने के साथ साथ तहसील क्षेत्रों से दौरा करते हुए नगर परिषदों व नगर पंचायतों के नगराध्यक्षों, पार्षदों व स्वीकृत पार्षदों से मेलमुलाकात का दौर शुरू कर दिया था.
यहां यह विशेष उल्लेखनीय है कि भाजपा शहराध्यक्ष डॉ. नितिन धांडे को स्वायत्त निकाय क्षेत्र से विधान परिषद के लिए प्रत्याशी बनाए जाने के पक्ष में केवल राणा दंपत्ति भी है तथा डॉ. धांडे के दावेदारी का भाजपा महायुति में शामिल घटक दलों द्बारा कोई खास समर्थन नहीं किया जा रहा. खास बात यह भी है कि विधान परिषद हेतु अमरावती स्वायत्त निकाय क्षेत्र से टिकट के लिए दावेदार रहनेवाले पूर्व विधायक प्रवीण पोटे पाटिल तथा भाजपा शहराध्यक्ष डॉ. नितिन धांडे द्बारा पहले भी यह स्पष्ट कर दिया गया कि पार्टी नेतृत्व का निर्णय पूरी तरह से स्वीकार किया जायेगा और पार्टी की ओर से जिसे प्रत्याशी बनाया जायेगा. उसके खिलाफ बगावत नहीं की जायेगी. बल्कि साथ मिलकर पार्टी की टीम के लिए काम किया जायेगा.

Back to top button