अब रेलवे स्टेशनों पर यात्रियों को मिलेगा मुफ्त शुद्ध पेयजल

रेलवे मंत्रालय का बड़ा फैसला, देशभर के स्टेशनों पर लगेंगे आधुनिक जल शुद्धिकरण संयंत्र

* योजना में अमरावती के मॉडल रेलवे स्टेशन व बडनेरा के रेलवे जंक्शन का भी समावेश
अमरावती/दि.22 – रेलवे यात्रियों को जल्द ही रेलवे स्टेशनों पर मुफ्त और शुद्ध पेयजल की सुविधा मिलने वाली है. पेयजल की गुणवत्ता को लेकर नियंत्रक एवं महालेखा परीक्षक (कैग) की रिपोर्ट के बाद रेलवे मंत्रालय ने देशभर के रेलवे स्टेशनों पर अत्याधुनिक जल शुद्धिकरण प्रणाली स्थापित करने का निर्णय लिया है. इसके तहत अमरावती मॉडल रेलवे स्टेशन और बडनेरा जंक्शन सहित विभिन्न स्टेशनों पर प्रत्येक प्लेटफॉर्म पर फिल्टर युक्त पेयजल उपलब्ध कराया जाएगा.
रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव, रेलवे बोर्ड के अध्यक्ष एवं सीईओ तथा वरिष्ठ अधिकारियों द्वारा हाल ही में पेयजल व्यवस्था की समीक्षा की गई थी. इसके बाद यात्रियों को सुरक्षित और गुणवत्तापूर्ण पेयजल उपलब्ध कराने के लिए व्यापक सुधारात्मक कदम उठाने के निर्देश जारी किए गए हैं.
* अमृत भारत योजना के तहत मिलेगा लाभ
रेलवे द्वारा अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत देशभर के कई स्टेशनों का आधुनिकीकरण किया जा रहा है. इसी कड़ी में यात्रियों की शुद्ध पेयजल की आवश्यकता को ध्यान में रखते हुए आधुनिक वॉटर फिल्ट्रेशन और कूलिंग सिस्टम स्थापित किए जाएंगे. इससे यात्रियों को स्टेशन परिसर में ही स्वच्छ, ठंडा और स्वास्थ्यवर्धक पेयजल निःशुल्क उपलब्ध होगा. रेलवे प्रशासन के अनुसार, जल गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिए नियमित परीक्षण किए जाएंगे तथा पानी की गुणवत्ता संबंधी रिपोर्ट भी सार्वजनिक की जाएगी, जिससे व्यवस्था में पारदर्शिता बनी रहे.
* अब बोतलबंद पानी पर निर्भरता होगी कम
वर्तमान में अधिकांश यात्री रेलवे स्टेशनों पर उपलब्ध पानी की गुणवत्ता को लेकर आश्वस्त नहीं होते. पानी की टंकियों की सफाई, जल शुद्धिकरण और रखरखाव को लेकर जानकारी के अभाव में लोग घर से पानी लेकर चलते हैं या फिर महंगी बोतलबंद पानी खरीदने को मजबूर होते हैं. नई व्यवस्था लागू होने के बाद यात्रियों की यह चिंता काफी हद तक दूर होने की उम्मीद है.
* बनेगी व्यापक जल निगरानी प्रणाली
रेलवे द्वारा टैप-टू-टैप जल शुद्धिकरण प्रणाली विकसित की जाएगी. इसके अंतर्गत आधुनिक वॉटर फिल्टर और वॉटर कूलर लगाए जाएंगे. जल स्रोत से लेकर नल तक पानी की गुणवत्ता की नियमित जांच होगी. पुरानी जल टंकियों का नवीनीकरण और आवश्यकतानुसार प्रतिस्थापन किया जाएगा. जल भंडारण टंकियों की समयबद्ध सफाई और रखरखाव सुनिश्चित किया जाएगा. केंद्रीकृत निगरानी और जवाबदेही प्रणाली विकसित की जाएगी. रेलवे बोर्ड स्तर पर पूरी व्यवस्था की सतत मॉनिटरिंग की जाएगी. रेलवे के इस निर्णय से अमरावती और बडनेरा सहित देशभर के लाखों यात्रियों को बड़ी राहत मिलने की उम्मीद है. साथ ही रेलवे स्टेशनों पर पेयजल की गुणवत्ता को लेकर लंबे समय से उठ रही शिकायतों का भी समाधान हो सकेगा.

Back to top button