खेत की झोपडी में घूसकर मारपीट कर लूटपाट

झोपडी में न सोने देने पर किया हमला, चौकीदार घायल

* पथ्रोट थाना क्षेत्र के वाघडोह खेत शिवार की घटना
अमरावती/दि.7 – देर रात 2 बजे महिला के साथ एक व्यक्ति ने खेत की झोपडी में पहुंचकर चौकीदार को सोने देने का अनुरोध किया. लेकिन चौकीदार ने महिला के साथ खेत में पहुंचे अनजान व्यक्ति को रात रुकने से इंकार कर दिया. इस बात से संतप्त हुए महिला और उस अनजान व्यक्ति ने चौकीदार पर लोहे की रॉड से हमला कर उसे गंभीर रुप से घायल कर दिया. पश्चात जेब से 25 हजार रुपए लूटकर भाग गये. यह घटना पथ्रोट थाना क्षेत्र में आने वाले वाघडोह खेत शिवार में घटित हुई. हमले में घायल चौकीदार का नाम उत्तम किसनराव सिनकर (67) है.
जानकारी के मुताबिक मूल अंजनगांव सुर्जी निवासी उत्तम किसनराव सिनकर (67) यह वाघडोह के प्रफुल्ल उमक के खेत में चौकीदारी का काम करते है और उसी झोपडी में रहते है. 5 अक्टूबर की रात 2 बजे के दौरान उत्तम सिनकर खेत की झोपडी में बैठकर चौकीदारी कर रहे थे, तब एक महिला और एक व्यक्ति खेत में पहुंचे. उन्होंने उत्तम सिनकर से झोपडी में रातभर सोने देने कहा. लेकिन अनजान व्यक्ति रहने से और साथ ही महिला रहने के कारण चौकीदार सिनकर ने इंकार कर दिया. तब इस व्यक्ति के साथ रही महिला ने लोहे के रॉड से चौकीदार उत्तम पर हमला कर उसे घायल कर दिया. जबकि साथ रहे व्यक्ति ने उत्तम की जेब से 25 हजार रुपए निकालकर गालीगलौज की. दूसरे दिन जख्मी उत्तम सिनकर ने पथ्रोट थाना पहुंचकर शिकायत दर्ज की. इस शिकायत में उसने संबंधित अनजान व्यक्ति के साथ वाघडोह ग्र्राम की ही उषा नामक 30 वर्षीय महिला रहने का संदेह व्यक्त किया है. पुलिस ने शिकायत के आधार पर उषा और एक अन्य के खिलाफ बीएनएस की धारा 304 (2), 118 (1), 352, 351 (2), 3 (5) के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरु की है.

Back to top button