घरेलू गैस सिलेंडर से गैस निकालकर बेचने का गोरखधंधा पकड़ा
क्राइम ब्रांच यूनिट-1 की कार्रवाई

* दो आरोपी गिरफ्तार, 44 सिलेंडर समेत 9.54 लाख रुपए का माल जब्त
अमरावती/दि.7 – घरेलू उपयोग के एलपीजी गैस सिलेंडरों से अवैध रूप से गैस निकालकर छोटे सिलेंडरों में भरकर बेचने वाले गिरोह का क्राइम ब्रांच यूनिट नंबर-1 ने पर्दाफाश किया है. महाजनपुरा-माताखिडकी परिसर में की गई इस कार्रवाई में दो आरोपियों को हिरासत में लिया गया. आरोपियों के कब्जे से 44 गैस सिलेंडर, गैस रिफिलिंग मशीन, वजन कांटे तथा दो लोडिंग ऑटो सहित कुल 9 लाख 54 हजार रुपए का माल जब्त किया गया है. यह कार्रवाई बुधवार, 7 अक्टूबर को की गई.
जानकारी के मुताबिक अमरावती शहर पुलिस आयुक्तालय क्षेत्र में अवैध कारोबार एवं अपराधियों की गतिविधियों पर नजर रखने के लिए क्राइम ब्रांच की टीम गश्त कर रही थी. इसी दौरान वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर क्राइम ब्रांच यूनिट-1 के अधिकारियों को गुप्त सूचना मिली कि महाजनपुरा, माताखिडकी क्षेत्र में कुछ लोग घरेलू उपयोग के एलपीजी सिलेंडरों से गैस निकालकर प्रति सिलेंडर करीब 1 से 2 किलो गैस ग्राहकों को अवैध रूप से बेच रहे हैं. सूचना मिलते ही क्राइम ब्रांच की टीम ने तत्काल संबंधित परिसर में पहुंचकर जांच शुरू की. एक मकान के सामने गैस सिलेंडरों से भरे दो लोडिंग ऑटो दिखाई दिए. पुलिस टीम ने मकान के अंदर जाकर जांच की तो वहां दो व्यक्ति मशीन और पाइप की मदद से भरे हुए घरेलू गैस सिलेंडरों से गैस निकालते हुए पाए गए.
पुलिस ने दोनों को हिरासत में लेकर पूछताछ की. पूछताछ में उन्होंने बताया कि वे घरेलू गैस सिलेंडरों से करीब 1 से 2 किलो गैस निकालकर ग्राहकों को बेचते थे और इस अवैध कारोबार से आर्थिक लाभ कमाते थे. इसके बाद पुलिस ने मौके से बड़ी मात्रा में गैस सिलेंडर और रिफिलिंग के लिए इस्तेमाल होने वाला सामान जब्त किया.
* 44 सिलेंडर समेत यह सामान जब्त
क्राइम ब्रांच ने आरोपियों के कब्जे से 44 गैस सिलेंडर, 3 गैस रिफिलिंग मशीन, 3 वजन कांटे और 2 लोडिंग ऑटो जब्त किए. जब्त किए गए माल की कुल अनुमानित कीमत 9 लाख 54 हजार रुपए बताई गई है. इस मामले में गिरफ्तार आरोपियों के नाम महाजनपुरा निवासी रूपेश मुकिन्द्रराव अठावले (25) तथा रुतिक संतोष प्रधान (25) है. दोनों आरोपियों तथा जब्त माल को आगे की कानूनी कार्रवाई के लिए खोलापुरी गेट पुलिस स्टेशन के सुपुर्द किया गया है.
* वरिष्ठ अधिकारियों के मार्गदर्शन में कार्रवाई
यह कार्रवाई पुलिस आयुक्त राकेश ओला, पुलिस उपायुक्त शाम घुगे, पुलिस उपायुक्त प्रांजलि सोनवणे तथा सहायक पुलिस आयुक्त निलेश ब्राह्मणे के मार्गदर्शन में की गई. क्राइम ब्रांच के निरीक्षक दिनेश दहातोंडे, अतुल वर, सीमा दातालकर, सहायक निरीक्षक मनीष वाकोडे, दशरथ आडे, एएसआई फिरोज खान, हेड कांस्टेबल संभाजी केंद्रे, मंगेश लोखंडे, नजीमुद्दीन सैयद, संजय भरसाकले, सचिन भोयर, चालक प्रभात पोकाले एवं चेतन शर्मा के दल ने की.





