विजय बोथरा लगातार पांचवीं बार बनेंगे अभिनंदन बैंक के अध्यक्ष!

संचालक मंडल की पांच सीटें निर्विरोध, 12 सीटों हेतु 14 उम्मीदवारों के नामांकन प्राप्त

* 17 अक्तूबर को होगी तस्वीर स्पष्ट
* सहकारिता क्षेत्र में अग्रणी बैंक
अमरावती/दि.7- अमरावती में सहकारिता क्षेत्र की चर्चित और पुरस्कृत अर्बन बैंक अभिनंदन के पंच वर्षीय और 15 सदस्यीय संचालक मंडल के चुनाव आगामी 26 अक्तूबर को होने जा रहे हैं. नामांकन प्रक्रिया मंगलवार को पूर्ण हो गई. जिससे निवर्तमान अध्यक्ष एड. विजय बोथरा के सतत पांचवीं बार अध्यक्ष चुने जाने की उम्मीद है. एड. बोथरा सहित 14 लोगों ने संचालक मंडल सभासद हेतु नामांकन दायर कर दिया है. उधर महिला सीटों पर सरला भंसाली और शशि बोकरिया निर्विरोध निर्वाचित हो गई है. अधिकृत घोषणा 17 अक्तूबर को की जाएगी. जब नामांकन पीछे लेने की समय-सीमा पूर्ण होगी.
उसी प्रकार ओबीसी, एससी-एसटी और वीजेएनटी सीटों के भी एक-एक ही नामांकन रहने से वह उम्मीदवार भी अविरोध संचालक लगभग चुन लिए गए हैं. उनमें पंकज वासनकर, रमेश गुलारेकर और सुनील सरोदे का समावेश हैं. बता दें कि, 15 सदस्यों का संचालक मंडल चुने जाने के बाद संचालक ही अध्यक्ष और अन्य पदाधिकारी का चयन अथवा मनोनयन करते हैं.
शेष 12 संचालक पदों के लिए 14 नामांकन प्राप्त हुए हैं. उनमें वर्तमान अध्यक्ष एड. विजय बोथरा, नवीन चोरडिया, सीए. श्रेणिक बोथरा, एड. गौरव लुनावत, मनोहर कांकरिया, भरत प्रकाश खजांची, अभिनंदन बोकरिया, के. एन. जैन, एफ. सी. जैन, नीलेशभाई लाठिया, एस. एस. डागा, सिद्धार्थ बोथरा के नाम शामिल है. एड. विजय बोथरा के नेतृत्व में अभिनंदन बैंक ने काफी प्रगति की है. प्रतिष्ठा प्राप्त की हैं. एड. बोथरा पांचवें कार्यकाल के लिए भी अध्यक्ष मनोनीत होते हैं, तो अमरावती के सहकार क्षेत्र में नया कीर्तिमान होगा. बहरहाल बैंक के सभासद एड. बोथरा के कामकाज, कार्यशैली के मुरीद हैं.
* सीएम ने की थी प्रगति की प्रशंसा
पिछले दिनों बैंक की अपनी इमारत अभिनंदन हाईट्स का विधिवत लोकार्पण मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस के हस्ते किया गया. ऐसे में 20 वर्षों से निर्विरोध अध्यक्ष बनने के लिए सीएम ने एड. विजय बोथरा का विशेष अभिनंदन किया और उनसे सहकारिता क्षेत्र में पैठ का राज भी पूछा था. बैंक को राज्यस्तर के शासन और विविध संस्थाओं के पुरस्कार प्राप्त है. 6 हजार से अधिक सभासद बैंक के हैं. बैंक मुनाफे में चल रही है. उसका एनपीए झीरो है. आर्थिक मोर्चे पर बैंक की प्रगति प्रशंसनीय कही जा रही है. उसी प्रकार चर्चा है कि, संचालक मंडल का इलेक्शन सर्वसम्मती से कराने के प्रयत्न शुरु है. 12 पदों के लिए 14 उम्मीदवार मैदान में उतरे हैं. किंतु बहुत संभावना है कि, 17 अक्तूबर तक अतिरिक्त दोनों प्रत्याशी अपने नामांकन पीछे ले लेंगे. उल्लेखनीय है कि, डीडीआर भुयार की देखरेख में चुनाव प्रक्रिया संपन्न हो रही है.

Back to top button