कपिलवस्तु नगर में कुख्यात के आतंक से नागरिक दहशत में
हत्या के प्रयास, विनयभंग और सामूहिक बलात्कार जैसे गंभीर मामलों में आरोपी पर कार्रवाई की मांग

* महिलाओं ने पुलिस उपायुक्त यशवंत सोलंके को सौंपा ज्ञापन
अमरावती/दि.7- अमरावती शहर में बढ़ती आपराधिक घटनाओं के बीच कपिलवस्तु नगर क्षेत्र में एक सराईत आरोपी की कथित दहशत को लेकर नागरिकों में रोष है. क्षेत्र की महिलाओं एवं पुरुष नागरिकों ने बुधवार को पुलिस प्रशासन से मुलाकात कर आरोपी के खिलाफ कठोर कार्रवाई करने की मांग की. नागरिकों ने पुलिस उपायुक्त यशवंत सोलंके को ज्ञापन सौंपकर आरोपी के खिलाफ एमपीडीए के तहत कार्रवाई करने तथा दो वर्ष के लिए तड़ीपार करने की मांग की है.
नागरिकों के मुताबिक गाडगे नगर थाना क्षेत्र में आने वाले कपिलवस्तु नगर निवासी अजय अशोक लोखंडे के खिलाफ गाडगे नगर पुलिस स्टेशन में कई गंभीर मामले दर्ज हैं. ज्ञापन में बताया गया है कि इस कुख्यात के खिलाफ वर्ष 2024 मेें हत्या के प्रयास, महिला से विनयभंग, 294 और 506(2) सहित गंभीर धाराओं में मामला दर्ज है. इसके अलावा इस वर्ष भी दो मामले दर्ज होने की जानकारी नागरिकों ने दी है.
* युवती के अपहरण और सामूहिक बलात्कार का भी आरोप
नागरिकों ने ज्ञापन में आरोप लगाया है कि उक्त आरोपी के खिलाफ एक 25 वर्षीय युवती का अपहरण कर सामूहिक बलात्कार किए जाने का भी गंभीर मामला दर्ज है. इस मामले में गाडगे नगर पुलिस द्वारा आरोपी को गिरफ्तार किए जाने की जानकारी भी ज्ञापन में दी गई है. नागरिकों का कहना है कि इतने गंभीर स्वरूप के मामले दर्ज होने के बावजूद आरोपी जमानत पर बाहर आने के बाद कथित रूप से फिर क्षेत्र में दहशत फैला रहा है. आरोप है कि वह शराब के नशे में हाथ में चाकू और तलवार लेकर घूमता है तथा क्षेत्र में उत्पात मचाता है. इसके कारण कपिलवस्तु नगर की महिलाओं और छोटी बच्चियों में भय का वातावरण बना हुआ है.
* महिलाओं और बच्चों की सुरक्षा को लेकर चिंता
क्षेत्रवासियों का कहना है कि आरोपी के कथित आतंक के कारण महिलाएं और बच्चे खुद को सुरक्षित महसूस नहीं कर रहे हैं. नागरिकों ने पुलिस प्रशासन से मांग की है कि मामले की गंभीरता को देखते हुए आरोपी के खिलाफ तत्काल प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की जाए, ताकि क्षेत्र में कानून-व्यवस्था कायम रहे. नागरिकों ने यह सवाल भी उठाया कि यदि आरोपी के खिलाफ पहले से ही इतने गंभीर मामले दर्ज हैं, तो उसके खिलाफ प्रभावी कार्रवाई क्यों नहीं की जा रही है. गाडगे नगर पुलिस स्टेशन ऐसे आरोपी के खिलाफ कार्रवाई क्यों नहीं कर रहा? ऐसा सवाल भी नागरिकों ने ज्ञापन के माध्यम से उठाया है.
* एमपीडीए के साथ दो साल की तड़ीपारी की मांग
कपिलवस्तु नगर के नागरिकों ने पुलिस प्रशासन से आरोपी के खिलाफ एमपीडीए के तहत कार्रवाई करने के साथ ही उसे दो वर्ष के लिए तड़ीपार करने की मांग की है. नागरिकों का कहना है कि क्षेत्र में शांति और नागरिकों, विशेषकर महिलाओं तथा बच्चों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए आरोपी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई आवश्यक है. नागरिकों ने पुलिस प्रशासन से इस मामले को गंभीरता से लेते हुए तत्काल कदम उठाने और कपिलवस्तु नगर में भयमुक्त वातावरण निर्माण करने की मांग की है. ज्ञापन देने वालों में शोभाबाई पंजाबराव डहाके, दुर्गा रंजनी मोहोल, शोभा किसनराव खंडारे, सुनीता रघुवीर पुरके, जमुना राजेश गायकवाड़, चित्रा दीपक इंगले, रंजना साबले सहित कपिलवस्तु नगर के अन्य महिला एवं पुरुष नागरिक शामिल थे.





