बच्चे को पैरों से दबाया, पत्नी को बचाना पड़ा भारी

शराबी पति ने ऑपरेशन वाले पैर पर गंजी से किया वार

 जमीन पर पटककर दी जान से मारने की धमकी
अमरावती/दि.7 – नागपुरी गेट थाना क्षेत्र के सुकली गांव में घरेलू विवाद के दौरान एक शराबी पति द्वारा पत्नी के साथ मारपीट कर उसे घायल करने का मामला सामने आया है. आरोप है कि पति ने पहले अपने छोटे बच्चे को पैरों से दबाकर रखा था. पत्नी ने जब बच्चे को छोड़ने के लिए कहा तो आरोपी गुस्से में आ गया और गाली-गलौज करने लगा. इसके बाद उसने घर में सब्जी बनाने के लिए इस्तेमाल होने वाली गंजी से पत्नी के ऑपरेशन किए हुए पैर पर जोरदार वार कर दिया. इतना ही नहीं, आरोपी ने उसके पेट में कई बार लातें मारकर उसे जमीन पर गिरा दिया और जान से मारने की धमकी दी.
जानकारी के अनुसार सुकली निवासी सुनीता निलेश पारिसे (27) और निलेश पारिसे (29) पति-पत्नी हैं. शिकायत के मुताबिक कुछ समय पहले दुर्घटना में सुनीता का पैर घायल हुआ था. ऑपरेशन के बाद उनके दाहिने पैर में रॉड डाली गई है. शिकायत में यह भी कहा गया है कि आरोपी पति शराब पीने का आदी है और पत्नी के साथ अक्सर विवाद करता रहता है. सोमवार 5 अक्टूबर को सुबह करीब 7.30 बजे सुकली स्थित घर में आरोपी ने अपने छोटे बच्चे को पैरों से दबाकर रखा था. बच्चे की हालत देखकर सुनीता ने पति से बच्चे को छोड़ने के लिए कहा और बताया कि इससे बच्चे की जान को खतरा हो सकता है. इसी बात पर आरोपी भड़क गया और पत्नी के साथ गाली-गलौज करने लगा. विवाद बढ़ने पर आरोपी ने घर में रखी गंजी उठाकर पत्नी के ऑपरेशन किए हुए दाहिने पैर पर जोरदार वार कर दिया. हमले में वह घायल हो गई. इसके बाद आरोपी ने उसके पेट में कई बार लात मारी, जिससे वह जमीन पर गिर गई. पीड़िता के अनुसार आरोपी पति ने उसके साथ मारपीट करने के साथ ही जान से मारने की धमकी भी दी. घटना के बाद पीड़िता ने नागपुरी गेट पुलिस को मामले की जानकारी दी. पुलिस ने उसका बयान दर्ज कर आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज किया है. नागपुरी गेट पुलिस मामले की जांच कर रही है.

Back to top button