नौकरी लगाने का प्रलोभन देकर 62 लाख रुपए ऐंठे
राजापेठ थाना क्षेत्र की घटना, 6 लोगों पर मामला दर्ज

अमरावती/दि.7 – नई दिल्ली के एफसीआई में नौकरी लगा देने का प्रलोभन देकर महिला और उसके भाई के साथ 62 लाख रुपए की जालसाजी किये जाने का मामला अमरावती के राजापेठ थाना क्षेत्र में प्रकाश में आया है. शिकायत के आधार पर पुलिस ने 6 जालसाजों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरु की है.
जानकारी के मुताबिक राजापेठ थाना क्षेत्र के सुतगिरणी स्थित गणेश नगर प्लॉट निवासी शुभांगी नामक एक महिला ने पुलिस में दर्ज की शिकायत में आरोप किया है कि, जितेंद्र उर्फ आप्पा प्रभाकर गेडाम, मनोज आगले, उसकी पत्नी अर्चना आगले, नामदेव कडू और अपूर्व कडू व शिवम सेन ने मिलीभगत कर शिकायतकर्ता महिला और उसके भाई को नई दिल्ली के एफसीआई में नौकरी लगा देने का प्रलोभन दिया. पश्चात समय-समय पर घर जाकर नकद राशि और आरटीजीएस के जरिए कुल 62 लाख रुपए ऐंठ लिये. पश्चात नौकरी का फर्जी आर्डर थमा दिया. अपने साथ जालसाजी होने का पता चलने पर शिकायतकर्ता महिला ने दिये हुए पैसे वापिस मांगे तब आरोपियों ने टालमटोल जवाब दिये. यह ठगी अगस्त 2023 से 4 अप्रैल 2024 तक की गई. महिला की शिकायत पर राजापेठ पुलिस ने सभी आरोपियों के खिलाफ धारा 406, 420, 465, 468, 471, 34 के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरु की है.





