गरबा पार्टनर उपलब्ध पर खाकी सख्त

सीपी ओला ने दिए जांच के कडे निर्देश

* प्रोफेशनल आयोजक तलब, कठोर कार्रवाई के संकेत
अमरावती/दि.7- सोशल मीडिया पर चल रहे गरबा रास हेतु स्त्री-पुरुष पार्टनर उपलब्ध रहने के और उसके बदले में 4 से लेकर 6 हजार रुपए चार्ज क़िए जाने के कथित संदेशों को पुलिस आयुक्त राकेश ओला ने गंभीरता से लिया है. शहर के सभी प्रोफेशनल गरबा आयोजकों को तलब किया है. उसी प्रकार दोनों अपराध शाखा यूनिट को इस बारे में जांच कर कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं. फलस्वरुप ऐसे आयोजकों में खलबली मची है. वहीं कुछ लोग दावा कर रहे हैं कि, कुछ शरारती तत्व की यह करतूत हो सकती है. अमरावती में इस प्रकार का कोई चलन न है, न रहेगा.
सोशल मीडिया पर जारी कथित संदेशों में एआई के माध्यम से आकर्षक पोस्टर बनाए गए हैं. जिनमें गरबा पार्टनर उपलब्ध रहने का दावा कर उसके गोल्ड, सिल्वर और प्लैटिनम समूह रहने और उसके अनुसार रेट रहने का दावा किया गया था. जिसके बारे में चर्चा शुरु हो गई थी. विहिंप और बजरंग दल सहित संगठनों ने ऐसे संदेशों को गंभीरता से लेकर पुलिस आयुक्त से चर्चा की थी. उचित एक्शन लेने का अनुरोध किया था.
सीपी राकेश ओला ने आज दोपहर मीडिया से बातचीत में कहा कि, गरबा रास को मां दुर्गा की भक्ति का साधन माना जाता है. लोग अपनी भक्तिभावना गरबा रास के माध्यम से व्यक्त करते हैं. ऐसे में प्रोफेशनल लोगों द्वारा आयोजन तक ठीक है. किंतु चार्ज देकर पार्टनर उपलब्ध किए जाने की कोशिश के सघन जांच के निर्देश उन्होंने दिए हैं. प्रोफेशनल गरबा आयोजकों को बुलाया जा रहा है, उनसे भी जांच और पूछताछ होगी.

Back to top button