मोदी के सार्वजनिक जीवन के 25 वर्ष पूर्ण होने पर निकली ‘सेवा ज्योति यात्रा 2047’

अमरावती के सातों मंडलों से निकली बाइक रैली

* शेगांव नाका स्थित अभियंता भवन में कार्यकर्ताओं का जमावड़ा
अमरावती /दि.7- प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक एवं राजनीतिक सेवा जीवन के 25 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर बुधवार को अमरावती में ‘सेवा ज्योति यात्रा 2047’ का आयोजन किया गया. इस अवसर पर शहर के सभी सात मंडलों से सुबह 9 बजे बाइक रैलियां निकाली गईं. विभिन्न मार्गों से होते हुए सभी रैलियां शेगांव नाका स्थित अभियंता भवन पहुंचीं.
यात्रा में बड़ी संख्या में भाजपा पदाधिकारी, कार्यकर्ता और समर्थक शामिल हुए. सातों मंडलों से निकली बाइक रैलियों के कारण शहर में उत्साह का माहौल दिखाई दिया. कार्यकर्ताओं ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन में 25 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर आयोजित इस कार्यक्रम में उत्साहपूर्वक सहभागिता दर्ज कराई.
* ऑनलाइन माध्यम से प्रधानमंत्री ने किया संबोधित
अभियंता भवन में आयोजित मुख्य कार्यक्रम के दौरान सुबह 10 बजे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने ऑनलाइन माध्यम से कार्यकर्ताओं को संबोधित किया. इस दौरान कार्यकर्ताओं ने प्रधानमंत्री का संबोधन सुना. ‘सेवा ज्योति यात्रा 2047’ के माध्यम से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के दीर्घ सार्वजनिक जीवन, सेवा कार्यों तथा देश के विकास के लिए किए गए प्रयासों को कार्यकर्ताओं और नागरिकों तक पहुंचाने का प्रयास किया गया. कार्यक्रम के दौरान संगठनात्मक एकजुटता और आगामी 2047 के विकसित भारत के संकल्प को भी प्रमुखता दी गई. सातों मंडलों से निकली बाइक रैली के अभियंता भवन पहुंचने के बाद कार्यकर्ताओं ने एकत्रित होकर प्रधानमंत्री के ऑनलाइन संबोधन में सहभागिता की. इस आयोजन को लेकर भाजपा कार्यकर्ताओं में उत्साह देखा गया.

Back to top button