विष्णु के गीले बडे खाने पहुंचे मंत्री अशोक उईके
स्वाद की सराहना, स्वयं जेब से चुकाए दाम

* मनीष उपाध्याय की थपथपाई पीठ
अमरावती/दि.18– महाराष्ट्र सरकार के कैबिनेट मंत्री का काफीला सोमवार सुबह जवाहर के भीतर सक्करसाथ की ओर जाने लगा, तो कई लोगों, व्यापारियों को अचरज हुआ. कौन कैबिनेट मंत्री है, किसलिए सक्करसाथ की ओर जा रहे हैं. पता पूछा जा रहा है. यह सब सोचनेवालों को कुछ ही क्षणों में उत्तर मिल गया. मंत्री महोदय का नाम डॉ. अशोक उईके हैं. वे फडणवीस सरकार में आदिवासी विकास व सामाजिक न्याय मंत्री है. जवाहर के भीतर खास प्रसिद्ध विष्णु उपाध्याय के गीले बडे खाने पहुंचे थे.
संचालक मनीष उपाध्याय ने मंत्री महोदय का पुष्पगुच्छ देकर स्वागत भी किया. उपाध्याय ने ‘अमरावती मंडल’ को बताया कि, मंत्री महोदय ने बडे चाव से और स्वाद लेकर ताजा बने गीले बडे खाए. अपने साथ आए पीए और सुरक्षा गार्ड को भी आग्रहपूर्वक गीले बडे खाने लगाए. उन्होंने बताया कि, मिनिस्टर साहब ने संपूर्ण प्रिपरेशन पूछी. कैसे बनते हैं, क्या-क्या चीजें डाली जाती हैं. स्वाद बढाने क्या किया जाता है. इतना प्रसिद्ध नाश्ता कैसे हो गया. कुछ मिनटों की डॉ. अशोक उईके की विष्णु गीला बडा प्रतिष्ठान में बडे सबेरे उपस्थिति अन्य ग्राहकों को भी प्रभावित कर गई. बगैर किसी तामझाम और लागलपेट के डॉ. उईके ने धारणी सरकारी यात्रा पर प्रस्थान करने से पहले छक कर अमरावती के प्रसिद्ध गीले बडे का स्वाद लिया. गीले बडे की बडी प्रशंसा की, बहुत अच्छा नाश्ता बताया. अमरावती आने पर गीले बडे अवश्य चखने का आवाहन अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर भी किया.
उल्लेखनीय है कि, अमरावती का गीला बडा कह सकते हैं कि, वर्ल्ड फेमस हो गया है. यहां आनेवाले प्रत्येक गेस्ट अपने होस्ट से गीला बडा का अनुरोध, आग्रह करते हैं.





