कार की टक्कर में बाइक सवार युवक की मौत
वरुड शहर के महात्मा फुले महाविद्यालय के पास की घटना

वरुड /दि.20– वरुड शहर के महात्मा फुले महाविद्यालय के पास सोमवार 18 मई की रात तेज रफ्तार से आ रही स्वीफ्ट कार ने एक दुपहिया सवार को उडा दिया. इस भीषण हादसे में 30 वर्षीय दुपहिया चालक युवक की घटनास्थल पर ही मृत्यु हो गई. मृतक का नाम प्रकाश युवनाते बताया जाता है. दुर्घटना के बाद फरार कार चालक को पुलिस ने एक घंटे के भीतर गिरफ्तार कर कार जब्त कर ली.
जानकारी के मुताबिक सोमवार की रात 9.30 बजे प्रकाश युवनाते अपनी दुपहिया पर सवार होकर मुलताई चौक से बस स्टैंड की तरफ जा रहा था. तभी महात्मा फुले महाविद्यालय के पास पीछे से आ रही एमएच-47/क्यू-1412 क्रमांक की स्वीफ्ट कार के चालक ने अपनी गाडी तेज रफ्तार से और लापरवाही से चलाते हुए प्रकाश युवनाते की दुपहिया को जोरदार टक्कर मार दी. दुर्घटना इतनी भीषण थी कि, प्रकाश बाइक से उछलकर कुछ दूरी तक सिमेंट रोड पर जा गिरा. इस हादसे में उसकी घटनास्थल पर ही मृत्यु हो गई. घटनास्थल पर नागरिकों की भारी भीड जमा हो गई थी. दुर्घटना की जानकारी मिलते ही वरुड पुलिस का दल घटनास्थल आ पहुंचा. हादसे के बाद फरार हुए कार चालक को एक घंटे के भीतर दबोच लिया गया. पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरु की है.





