जिप व पंस के चुनाव तक ही कांग्रेस के जिलाध्यक्ष पद पर बना रहुंगा
कांग्रेस के ग्रामीण जिलाध्यक्ष पद पर दुबारा नियुक्ति के बाद बोले बबलू देशमुख

* कहा-मैं 13 वर्ष से पद पर बना हुआ, अब किसी नए चेहरे को मिलना चाहिए मौका
* पार्टी नेतृत्व को अपनी भावनाओं से अवगत करवाने की बात कहीं
* विधान परिषद सहित जिप व पंस के चुनाव में कांग्रेस की जीत का किया दावा
अमरावती/दि.21- कांग्रेस पार्टी द्बारा गत रोज अमरावती जिला कांग्रेस कमिटी के अध्यक्ष पद पर एक बार फिर पूर्व जिप अध्यक्ष बबलू देशमुख की नियुक्ति की गई है. हालांकि खुद बबलू देशमुख एक बार और ग्रामीण कांग्रेस कमिटी के अध्यक्ष बनने हेतु खास इच्छूक नहीं थे. इस बारे में खुद बबलू देशमुख ने दैनिक ‘अमरावती मंडल’ के साथ बातचीत करते हुए बताया कि वे कांग्रेस के अमरावती ग्रामीण जिलाध्यक्ष पद पर विगत 13 वर्षों से काम कर रहे हैं, ऐसे में अब उनकी इच्छा है कि इस पद पर किसी नए चेहरे को मौका मिलना चाहिए. जिसके चलते उन्होंने पार्टी नेतृत्व को अपनी भावनाओं से अवगत कराते हुए स्पष्ट कर दिया है कि वे अमरावती जिला परिषद सहित जिले की 14 पंचायत समितियो के आगामी समय में होनेवाले चुनाव तक अपने पद पर बने रहेंगे. साथ ही कांग्रेस के ग्रामीण जिलाध्यक्ष बबलू देशमुख ने यह भी स्पष्ट किया कि आगामी समय में होने जा रहे विधान परिषद चुनाव सहित अमरावती के जिप व पंस के चुनाव में भी कांग्रेस पार्टी द्बारा जबरदस्त सफलता हासिल की जाएंगी.
कांग्रेस के ग्रामीण जिलाध्यक्ष पद पर एक बार फिर अपनी नियुक्ति होने के उपरांत पूर्व जिप अध्यक्ष व कांग्रेस के कद्दावर नेता बबलू देशमुख ने दैनिक ‘अमरावती मंडल’ के साथ विशेष तौर पर बातचीत करते हुए कहा कि उनकी एक बार फिर कांग्रेस के ग्रामीण जिलाध्यक्ष बनने की कोई विशेष इच्छा नहीं थी और वे इस पद पर दूबारा अपनी नियुक्ति के लिए कोई खास इच्छूक नहीं थे. क्योंकि वे इस पद पर विगत 13 वर्षों से लगातार काम कर रहे हैं. ऐसे में उनकी इच्छा थी कि अब इस पद पर उनकी बजाय किसी अन्य नए चेहरे को मौका मिलना चाहिए. अपनी इस भावना से उन्होंने पार्टी के वरिष्ठ नेता को भी अवगत करा दिया था. परंतु पार्टी के वरिष्ठ नेताओं का कहना रहा कि अब बहुत जल्द अमरावती में जिला परिषद व पंचायत समितियों के चुनाव होने हैं. साथ ही अगले महिने की विधान परिषद केे लिए भी स्वायत्त निकाय क्षेत्र में चुनाव होने जा रहा है, ऐसे में ऐन चुनावी गहमा गहमी के बीच अध्यक्ष को लेकर कोई बदलाव करना पार्टी के लिए नुकसानदेह साबित हो सकता है. जिसके चलते उन्होंने एक बार फिर पार्टी नेतृत्व के निर्देश पर जिलाध्यक्ष पद का जिम्मा संभालने का निर्णय लिया. लेकिन यह व्यवस्था जिप व पंस के आगामी चुनाव तक ही है.
जिप व पंस के चुनाव पश्चात राजनीतिक भविष्य एवं भुमिका को लेकर पूछे गए सवाल का जवाब देते हुए कांग्रेस के ग्रामीण जिलाध्यक्ष बबलू देशमुख ने बताया कि वे भविष्य में भी कांग्रेस पार्टी के लिए समर्पित भाव के साथ काम करेंगे और पार्टी नेतृत्व द्बारा जो भूमिका दी जाएगी, उस भुमिका को निभाएंगे. कांग्रेस पार्टी छोडने को लेकर कुछ समय पहले सामने आयी खबरों के बारे में पुछे गए सवाल का जवाब देते हुए कांग्रेस के ग्रामीण जिलाध्यक्ष बबलू देशमुख ने कहा कि उन्हें कुछ अन्य राजनीतिक दलों की ओर से पाला बदलने का प्रस्ताव दिया गया था, जिसके बदले विधायक बनाने की ऑफर भी दी गई थी. जिसे उन्होंने कभी स्विकार नहीं किया. वरना वे भी आज विधान परिषद में रहे होते. इस समय किसी का भी नाम लिए बिना बबलू देशमुख ने यह भी कहा कि खुद इधर से उधर पाला बदलनेवाले उनके विरोधियों द्बारा अक्सर ही उन्हें लेकर बेसिरपैर की खबरे फैलाई जाती है, ताकि उनके समर्थकों सहित अचलपुर निर्वाचन क्षेत्र के मतदाताओं को भ्रमित किया जा सके. लेकिन उन्हें जाननेवालो को यह अच्छी तरह से पता है कि वे कांग्रेस पार्टी छोडकर कहीं नहीं जानेवाले.





