सैनिक कॉलोनी में विशेष अतिक्रमण हटाव अभियान
सडक पर अतिक्रमण कर बनाए गए घरों के कम्पाउंड तोडे

* नप प्रशासन की कार्रवाई
दर्यापुर/दि.28- बढते अतिक्रमण पर नियंत्रण पाने के लिए नगर परिषद प्रशासन ने सैनिक कॉलोनी परिसर में विशेष अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया. इस दौरान सडक पर अतिक्रमण कर बनाए गए कई घरों के कम्पाउंड जेसीबी मशीन की सहायता से तोड दिए गए. नप प्रशासन की इस कार्रवाई से परिसर में कुछ समय के लिए तनावपूर्ण स्थिति बनी रही.
सुबह से ही सैनिक कॉलोनी परिसर में नगर परिषद कर्मचारियों की हलचल दिखाई दी. अभियान को देखते हुए पुलिस प्रशासन की ओर से कडा बंदोबस्त तैनात किया गया था. किसी भी प्रकार की अप्रिय घटना को रोकने के लिए बडी संख्या में पुलिस अधिकारी और कर्मचारी मौजूद थे. नप प्रशासन के अनुसार सार्वजनिक सडक, नालियों तथा यातायात में बाधा बननेवाले अतिक्रमण के खिलाफ यह कार्रवाई की जा रही है. प्रशासन ने स्पष्ट किया कि, शहर की सडकों को अतिक्रमणमुक्त कर यातायात व्यवस्था सुचारु बनाना और नागरिकों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराना इस अभियान का मुख्य उद्देश्य है.
कार्रवाई के दौरान कुछ स्थानीय नागरिकों ने नाराजगी भी जताई. लेकिन प्रशासन ने नियमानुसार अभियान जारी रखा. सूत्रों के मुताबिक आनेवाले दिनों में शहर के अन्य क्षेत्रों में भी अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई और तेज की जाएगी. इसी बीच सैनिक कॉलोनी के कुछ रहिवासी अपनी समस्या लेकर सांसद बलवंत वानखडे के कार्यालय पहुंचे. उनकी समस्या सुनने के बाद सांसद बलवंत वानखडे ने तत्काल मुख्याधिकारी डॉ. विकास खंडारे तथा वरिष्ठ अधिकारियों से संपर्क साधा. उन्होंने कहा कि, अतिक्रमण हटाने का विरोध नहीं है. लेकिन परिसर में सडक की चौडाई 40 फीट रखी जाए, ताकि नागरिकों को भविष्य में किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पडे. नप प्रशासन की इस कार्रवाई को लेकर शहर में चर्चा का माहौल है और नागरिकों की ओर से मिलीजुली प्रतिक्रियाएं सामने आ रही है.





