विधायक राणा के निरीक्षण के बावजूद मनपा की अब तक कोई कार्रवाई नहीं

बडनेरा चमननगर रिंग रोड के 520 मीटर भूसंपादन का मामला

* 46 झोपडपट्टीवासियों का कहना, पहले रोड-नाली और पानी-बिजली की व्यवस्था करें
अमरावती/दि.28 – अकोली से बडनेरा तक आने वाले रिंग रोड की केवल 520 मीटर की जमीन खाली करवाने के लिए मनपा प्रशासन द्वारा काफी लापरवाही बरती जा रही है. 10 दिन पूर्व विधायक रवि राणा द्वारा मनपा आयुक्त समेत संबंधित सभी विभागों समेत अधिकारियों द्वारा चमननगर परिसर के इस क्षेत्र का निरीक्षण कर पुरा अतिक्रमण हटाने के निर्देष दिये जाने के बावजूद मनपा की तरफ से अब तक कोई कार्रवाई नहीं की गई है. वहीं जिन 46 झोपडपट्टीवासियों का रिंग रोड से सटकर स्थित मनपा की जगह पर पुनर्वसन किया जाना है, उन झोपडपट्टीवासियों का कहना है कि, पहले उन्हें जहां स्थानांतरीत किया जा रहा है वहां रोड-नाली, पानी-बिजली की व्यवस्था की जाये, तभी वे वहां स्थानांतरीत होंगे. इस कारण संबंधित विभाग को पत्र देकर यह व्यवस्था तत्काल करने की प्रक्रिया शुरु हो गई है.
जानकारी के मुताबिक काफी वर्षों से अकोली से बडनेरा की तरफ जाने वाले रिंग रोड का निर्माण कार्य केवल चमननगर परिसर के 520 मीटर की जमीन अधिग्रहित न किये जाने से अटका पडा है. इस 520 मीटर की जमीन पर 46 झोपडपट्टी और 30 से 35 निजी लोगों की जमीन व मकान है. रिंग रोड का यह कार्य पूरा करने के लिए 1.45 हेक्टेअर जमीन भूसंपादित करना है. विधायक रवि राणा इसके लिए काफी समय से प्रयासरत है. वर्ष 2022 में मनपा प्रशासन द्वारा इस जमीन को अधिग्रहित करने के लिए राजस्व विभाग को 6 करोड रुपए जमा कर दिये गये थे. साथ ही 46 झोपडपट्टीवासियों का पुनर्वसन करने के लिए रिंग रोड से सटकर स्थित मनपा की जगह पर ले-आउट डालकर उन्हें प्लॉट दिये गये. राजस्व विभाग द्वारा जमीन अधिग्रहित करने के लिए निजी लोगों को पैसों का वितरण भी कर दिया गया और उन्हें यह जगह खाली करने की अवधि दी गई है. पश्चात 10 दिन पूर्व विधायक रवि राणा ने मनपा, लोकनिर्माण विभाग समेत संबंधित सभी अधिकारियों के साथ बडनेरा चमननगर परिसर के इस क्षेत्र का दौरा कर निरीक्षण किया था. उस समय मनपा आयुक्त वर्षा लढ्ढा, अतिरिक्त आयुक्त शिल्पा नाईक, महेश देशमुख, सहायक आयुक्त योगेश पीठे, नरेंद्र वानखेडे, लोकनिर्माण विभाग के तुषार काले, मुख्य अभियंता गिरी समेत सभी अधिकारी मौजूद थे. उस समय रवि राणा ने एक सप्ताह के भीतर रिंग रोड का कार्य तत्काल शुरु करने के लिए 520 मीटर की जमीन खाली करवाने के निर्देश मनपा आयुक्त को दिये थे. तब मनपा आयुक्त ने यह कार्रवाई फौरन शुरु करने का आश्वासन दिया था. लेकिन आज 10 दिन बीत जाने के बावजूद कोई भी कार्रवाई नहीं हो पायी है. इस संबंध में एडीटीफी के सहायक अभियंता सचिन मांडवे से संपर्क करने पर उन्होंने अमरावती मंडल को बताया कि, चमननगर के 520 मीटर की जगह खाली करवाने की प्रक्रिया शुरु है. जिन 46 झोपडपट्टीवासियों को पुनर्वसित किया जाने वाला है, उन्हें प्लॉट अलॉट किये गये है. लेकिन उनका कहना है कि, उन्हें मनपा की जिस जगह पर पुनर्वसित किया जा रहा है, पहले वहां रोड-नाली, बिजली और पानी की व्यवस्था होनी चाहिए. इस कारण अब संबंधित विभाग को मनपा की तरफ से पत्र देकर यह प्रक्रिया जल्द पूर्ण करने की सूचना दी गई है. इसके तहत अब आगामी दिनों में यह कार्रवाई पूरी होने की संभावना है. साथ ही 520 मीटर रोड का अटका पडा काम भी शुरु होने की संभावना जतायी जा रही है. इस संबंध में मनपा आयुक्त वर्षा लढ्ढा से संपर्क करने पर वे किसी बैठक में व्यस्त रहने से उनकी प्रतिक्रिया नहीं ली जा सकी.

Back to top button