रामपुरी कैम्प में अब भी तेंदुए की दहशत कायम!

पकडे गए शावक की मां कही आसपास भी रहने की आशंका

* परिसर में वन विभाग की टीम ने बढाई गश्त, तलाश जारी
* घनी रिहायशी बस्ती तक तेंदुए के आने को लेकर संदेह बरकरार
अमरावती/दि.28 – दो दिन पूर्व शहर के रामपुरी कैम्प जैसे घनी बस्ती वाले इलाके मे तेंदुआ घुस आने के चलते जबरदस्त हडकंप मचा था और चार घंटे की दौडभाग व मशक्कत के बाद 7 माह की आयुवाला तेंदुए का शावक पकडा भी गया था. लेकिन उस तेंदुए के पकडे जाने के बावजूद रामपुरी कैम्प परिसर में अब भी तेंदुए को लेकर दहशत का माहौल हैं तथा लोगों को यह डर सता रहा है कि भले ही 7 माह की आयुवाला तेंदुए का शाव पकडा गया है, लेकिन उसकी मां अब भी इस परिसर में ही कहीं आसपास हो सकती है. जो अपने शावक की खोजबीन में लगी होगी. जिसके चलते इस परिसर में अब भी तेंदुआ रहने की प्रबल आशंका जताई जा रही है. जिसे ध्यान में रखते हुए वन विभाग की टीम ने रामपुरी कैम्प परिसर सहित आसपास के इलाकों में गश्त लगाना शुरू कर दिया है.
बता दें कि दो दिन पहले रामपुरी कैम्प परिसर में प्रिंस बार के पास स्थित एक गोदाम में तेंदुआ बैठा दिखाई दिया था. जिसने परिसर में होहल्ला मचने के बाद इधर से उधर भागते हुए जमकर दौडभाग की थी. जिसके चलते उसे पकडने हेतु वन विभाग की टीम को कडी मशक्कत करनी पडी थी. करीब चार घंटे की मेहनत व मशक्कत के बाद उक्त तेंदुआ पकडने आ गया था. जिसे लेकर वन विभाग द्बारा जानकारी दी गई कि उस तेंदुए की उम्र बमुश्किल 7 माह के आसपास है. यानी वह वयस्क तेंदुआ नहीं बल्कि तेंदुए का शावक है. चुंकि तेंदुए के शावक अपनी मां यानी मादा तेंदुए के साथ ही झुंड बनाकर इधर से उधर जंगल परिसर में घुमते हैं. ऐसे में अब लोगों को यह सवाल सता रहा है कि आखिर उक्त तेंदुए का शावक जंगल परिसर को छोडकर रामपुरी कैम्प जैसे घनी बस्ती वाले इलाके में कैसे आया और अब उसकी मां यानी मादा तेंदुआ कहां है. इस सवाल के सामने आते ही रामपुरी कैम्प परिसर में अब एक बार फिर तेंदुए को लेकर दहशत वाला माहौल है और लोगों को अब मादा तेंदुआ दिखाई देने का डर भी सता रहा है.
इस बात को ध्यान में रखते हुए अमरावती के वन परिक्षेत्र अधिकारी प्रदीप भड ने बताया कि उक्त तेंदुए का शावक रामपुरी कैम्प परिसर में किस तरफ से आया होगा इसकी जांच की जा रही है. साथ ही साथ रामपुरी कैम्प परिसर सहित आसपास के इलाकों में वन विभाग के पथक द्बारा गश्त लगाते हुए यह भी देखा जा रहा है कि कही उन क्षेत्रों में कोई और तेंदुआ तो नहीं घुम रहा. इसके साथ ही वन परिक्षेत्र अधिकारी भड ने यह भी बताया कि रामपुरी कैम्प परिसर से पकडे गए तेंदुए के शावक को फिलहाल वन विभाग की निगरानी में ही रखा गया है. जिसकी आवश्यक मेडिकल जांच पडताल के बाद उसे उसके प्राकृतिक अधिवास में ले जाकर छोडा जाएगा. इस दौरान यह भी देखा जाएगा कि कहीं उसकी मां और उसके अन्य साथियों के झुंड का पता चल सकता है अथवा नहीं ताकि उस शावक को उसके प्राकृतिक अधिवास वाले जंगल क्षेत्र में छोडने के लिए आसानी हो.

Back to top button