अचलपुर-परतवाड़ा पुलिस को मिलीं ‘चार्ली मोबाइल’ बाइकें
इमरजेंसी रिस्पॉन्स होगा और तेज

अमरावती /दि.30– ग्रामीण पुलिसिंग को अधिक प्रभावी बनाने और नागरिकों को त्वरित पुलिस सेवा उपलब्ध कराने के उद्देश्य से अमरावती ग्रामीण पुलिस बल में चार नई दोपहिया ‘चार्ली मोबाइल’ पेट्रोल बाइकें शामिल की गई हैं. इन अत्याधुनिक बाइकों के माध्यम से पुलिस की गश्त, आपातकालीन प्रतिक्रिया और कानून-व्यवस्था बनाए रखने की क्षमता में उल्लेखनीय वृद्धि होगी.
इन बाइकों में बॉडी-वॉर्न कैमरा, पब्लिक एड्रेस सिस्टम, वॉकी-टॉकी, सायरन और बीकन लाइट जैसी आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध हैं. इससे पुलिस को घटनास्थल पर तेजी से पहुंचने, लोगों से बेहतर संवाद स्थापित करने और पारदर्शी कार्रवाई करने में मदद मिलेगी. पुलिस प्रशासन के अनुसार इन बाइकों का उपयोग घनी आबादी वाले एवं संवेदनशील क्षेत्रों में नियमित गश्त, महिलाओं की सुरक्षा, संदिग्ध गतिविधियों पर त्वरित कार्रवाई, रात्रिकालीन पेट्रोलिंग, ट्रैफिक जाम की स्थिति में सहायता, आपातकालीन कॉल पर तुरंत प्रतिक्रिया तथा अपराध नियंत्रण जैसे कार्यों में किया जाएगा. इससे सार्वजनिक स्थानों पर पुलिस की मौजूदगी बढ़ेगी और नागरिकों में सुरक्षा की भावना मजबूत होगी. अमरावती ग्रामीण के पुलिस अधीक्षक निकेतन कदम के हस्ते कुल चार ‘चार्ली मोबाइल’ बाइकें वितरित की गईं. इनमें से तीन बाइकें परतवाड़ा पुलिस स्टेशन को तथा एक बाइक अचलपुर पुलिस स्टेशन को प्रदान की गई. वितरण कार्यक्रम में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक दत्ता तोतेवाड़, उप पुलिस अधीक्षक सागर भामरे, प्रभारी उप पुलिस अधीक्षक (मुख्यालय) अशोक लांडे, पुलिस निरीक्षक संजय पवार सहित अन्य अधिकारी उपस्थित थे.





