चंद्रपुर में बागला चौक के गोदाम पर छापा
सैकडों बोरे चावल, गेहूं और दाल जब्त

* आपूर्ति विभाग की कार्रवाई से मचा हडकंप
चंद्रपुर /दि.30- शहर के बागला चौक परिसर में शासकीय अनाज का भारी मात्रा में भंडार रहने की जानकारी पुलिस प्रशासन द्वारा आपूर्ति विभाग को देने के बाद शुक्रवार को दोपहर में कार्रवाई करते हुए भारी मात्रा में शासकीय अनाज जब्त किया गया. इस कार्रवाई के कारण परिसर में खलबली मच गई है.
जानकारी के मुताबिक बागला चौक परिसर के चंद्रशेखर प्रेमाजी खाडलीकर (42) का किराए पर गोदाम है. इस गोदाम में भारी मात्रा में शासकीय अनाज रहने का पता चला. इस गोदाम के बाहर एमएच-34/सीक्यू-1189 क्रमांक की लाल रंग की आयशर गाडी खडी दिखाई दी. वाहन ने 25 किलो वजन के चावल के करीबन 40 बोरे बरामद हुए.पश्चात अधिकारियों ने गोदाम की गहन जांच की तब 50 किलो वजन के चावल के 340 बोरे और 25 किलो वजन के चावल के 120 बोरे बरामद हुए. दूसरे कमरे में 30 किलो वजन के गेहूं के 10 बोरे, 50 किलो वजन के चावल के 160 बोरे तथा 15 किलो वजन के दाल के 15 बोरे मिलें. गोदाम के बाहर भी भारी मात्रा में दाल रहने की बात पंचनामें में दर्ज की गई है. इस कार्रवाई में कुल 342 क्विंटल चावल 80 क्विंटल गेहूं और 15 क्विंटल दाल जब्त की गई है. यह कार्रवाई अनाज वितरण अधिकारी सुमेर चवरे व कार्यालय के अरविंद शेंडे की उपस्थिति में की गई.





