बडनेरा के दुर्गापुर परिसर के कुएं में मिले युवक के शव का मामला

बडनेरा के 4 संदिग्धों से पूछताछ जारी

* मृतक के पैर-हाथ पर बंधी थी रस्सी
* पुलिस को पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार
अमरावती/दि.1 – बडनेरा थाना क्षेत्र के दुर्गापुर रोड के एक खेत के कुएं में 29 मई को वरुडा परिसर में रहने वाले 19 वर्षीय युवक की लाश बरामद हुई थी. डीडीआरएफ दल ने इस शव को बाहर निकाला था. युवक के हाथ-पैर पर रस्सी बंधी रहने और उस रस्सी के साथ एक प्लॉस्टिक की पांच लीटर वाली डबकी मिलने से मामला संदेहास्पद लगा. पुलिस ने घटना के बाद बडनेरा शहर के ही 4 संदिग्धों को कब्जे में लेकर पूछताछ शुरु की है. पुलिस को पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार है. इस घटना को लेकर बडनेरा शहर में तरह-तरह की चर्चा व्याप्त है. मृतक युवक की शिनाख्त प्रसन्न किशोर काललकर के रुप में हुई है.
बता दें कि, प्रसन्न काललकर (19) नामक युवक का शव बडनेरा शहर के दुर्गापुर हनुमान मंदिर के पीछे स्थित एक खेत के कुएं में बरामद हुआ था. घटना प्रकाश में आने के बाद शव को बाहर निकालने के लिए डीडीआरएफ दल को घटनास्थल रात में ही बुलाया गया था. इस दल ने कुछ मिनटों में ही मृतक युवक का शव बाहर निकाला. घटनास्थल पर नागरिकों की भारी भीड जमा हो गई थी. बडनेरा के थानेदार संदीप चव्हाण भी अपने दल के साथ घटनास्थल पहुंच गये थे. शव कुएं से बाहर निकालने पर उसकी पहचान वरुडा निवासी प्रसन्न किशोर काललकर के रुप में हुई थी. शुरुआत में यह मामला आत्महत्या का लग रहा था. लेकिन मृतक के हाथ और पैर पर रस्सी बंधी रहने और उस रस्सी से एक पीले रंग की प्लास्टिक की डबकी बंधी रहने से मामला संदिग्ध लगा. इस डबकी का ढक्कन खुला हुआ था और वह पैर से बंधी रहने के कारण संदेह जताया गया कि, संबंधित युवक को किसी ने मारकर कुएं में फेंका होगा और शव तत्काल उपर न आने के लिए उसके पैर पर बंधी रस्सी से वह डबकी बांधी होगी. ताकि कुएं में उस डबकी में पानी भरने के बाद युवक का शव जल्द बाहर न आये. मृतक युवक उस खेत में कैसे पहुंचा, इस बाबत पुलिस पूछताछ में लग गई. मिली जानकारी के आधार पर 4 संदिग्धों को कब्जे में लिया गया. पंचनामा कर शव पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल पहुंचा दिया. मामला संदिग्ध लगने से पुलिस को अब पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार है. इस घटना को लेकर तरह-तरह की चर्चा बडनेरा शहर में व्याप्त है.
* तैरने जाते थे कुछ युवक
बडनेरा शहर में चल रही चर्चा के मुताबिक मृतक प्रसन्न काललकर के साथ बडनेरा शहर के ही उसके कुछ दोस्त दुर्गापुर रोड पर खेत के कुएं में तैरने जाते थे. साथ ही वह कभी-कभी पार्टी भी करते थे. घटना वाले दिन मृतक युवक के साथ 4-5 दोस्त थे, ऐसा कहा जाता है. लेकिन वे दबे पांव वहां से भाग गये. यदि वह साथ में थे और तैरते समय प्रसन्न कुएं में डूबा रहता तो उसके साथ ही उसे बचाने का प्रयास करते और परिसर के नागरिकों को घटना की जानकारी देते, लेकिन ऐसा कुछ नहीं हुआ. इस कारण यह मामला संदिग्ध हो गया है. मामले की जांच पुलिस आगे कर रही है.

Back to top button