विधान परिषद की अमरावती निकाय सीट पर
‘वंचित’ के डॉ. निलेश विश्वकर्मा भी मैदान में

* नगराध्यक्ष डॉ. प्रियंका विश्वकर्मा व समर्थको के साथ पेश किया नामांकन
अमरावती/दि.1 – अमरावती स्थानीय प्राधिकारी निर्वाचन क्षेत्र से विधान परिषद चुनाव के लिए राजनीतिक सरगर्मियां तेज हो गई हैं. इस सीट पर वंचित बहुजन आघाड़ी के उम्मीदवार डॉ. निलेश विश्वकर्मा ने भी अपनी दावेदारी पेश कर दी है. चांदूर रेलवे नगर परिषद के सवीकृत सदस्य एवं वंचित बहुजन युवा आघाडी के प्रदेशाध्यक्ष डॉ. निलेश विश्वकर्मा आज सुबह अपनी पत्नी तथा चांदूर रेलवे की नगराध्यक्ष डॉ. प्रियंका विश्वकर्मा के साथ जिलाधिकारी पहुंचे और विधान परिषद चुनाव के लिए अपना नामांकन पत्र दाखिल किया.
इस अवसर पर वंचित बहुजन आघाड़ी के प्रदेश उपाध्यक्ष हर्षवर्धन पुंडकर, प्रदेश सचिव राजेंद्र पातोडे तथा जिलाध्यक्ष राहुल मेश्राम विशेष रूप से मौजूद थे. पार्टी नेताओं ने दावा किया कि स्थानीय स्वराज्य संस्थाओं के जनप्रतिनिधियों के बीच उनकी पार्टी को अच्छा समर्थन प्राप्त है और चुनाव में वे मजबूती से मुकाबला करेंगे. कलेक्ट्रेट परिसर में नामांकन प्रक्रिया के दौरान पालिका सदस्य हर्षद वाघ और अरिहंत गेडाम सहित संजय चोरपगार, प्राजक्ता किल्लेवार, अभय तायडे, बाबाराव गायकवाड, सुरेंद्र खंडारे, रमेश आठवले, सागर भोवते, प्रशांत गजभिये तथा आनंद इंगले सहित वंचित बहुजन आघाड़ी के पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता बड़ी संख्या में उपस्थित रहे. उपस्थित रहे.
वंचित बहुजन आघाडी के प्रत्याशी के तौर पर डॉ. निलेश विश्वकर्मा द्बारा नामांकन दायर किए जाने के चलते अमरावती स्थानीय प्राधिकारी निर्वाचन क्षेत्र की यह चुनावी लड़ाई अब बहुकोणीय होती दिखाई दे रही है. ऐसे में अब राजनीतिक समीकरणों पर सभी की नजरें टिक गई हैं.





