कोयता लेकर दहशत फैलाने वालेे दो युवक पुलिस की गिरफ्त में
दस्तुर नगर क्षेत्र में पुलिस की कार्रवाई, धारदार हथियार जब्त

अमरावती /दि.3- फ्रेजरपुरा थाना क्षेत्र में देर रात हाथ में धारदार हथियार लेकर लोगों में दहशत फैलाने वाले दो युवकों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है और उनके कब्जे से एक धारदार कोयता भी जब्त किया गया है.
जानकारी के अनुसार सोमवार 1 जून की रात पुलिस की बीट मार्शल टीम राजापेठ क्षेत्र में पेट्रोलिंग ड्यूटी पर तैनात थी. इसी दौरान गुप्त सूचना मिली कि, दस्तुर नगर चौक के पास दो युवक हाथ में हथियार लेकर घूम रहे है और दहशत फैला रहे है. सूचना मिलते ही फ्रेजरपुरा थाने का डीबी पथक और पुलिस टीम ने संत कंवरराम विद्यालय परिसर के पास घेराबंदी कर दोनों संदिग्ध युवकों को हिरासत में लिया.
पूछताछ में उनकी पहचान प्रद्युम अरुण राऊत (18, अंबा कॉलोनी) तथा सुमीत उर्फ सनी रवि सहारे (19, जय नगर) के रुप में हुई. तलाशी के दौरान एक आरोपी के पास से एक धारदार लोहे का कोयता बरामद हुआ. पुलिस ने कोयता जब्त कर लिया. पुलिस का आरोप है कि, दोनों युवक हथियार लेकर सार्वजनिक स्थान पर घूम रहे थे और उनकी गतिविधियों से क्षेत्र में दहशत निर्माण हो रही थी. इस संबंध में दोनों आरोपियों के खिलाफ शस्त्र अधिनियम तथा अन्य संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है. पुलिस इस मामले की आगे की जांच कर रही है तथा यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि, आरोपी किसी अपराधिक वारदात की तैयारी में तो नहीं थे.





