‘उस’ युवती की लाश का मामला अब तक अनसुलझा

शिनाख्त को लेकर अलग-अलग दावों से उलझी गुत्थी

* एक महिला ने अपनी भतीजी के तौर पर की शिनाख्त
* महिला द्बारा चुनाव के बाद ‘कथित’ मामा ने भी की पुष्टि
* बताई गई युवती के पिता ने मृतका को अपनी बेटी नहीं माना
* अब पुलिस डीएनए सैम्पल जांच का लेगी सहारा
अमरावती/दि.3 – गत रोज स्थानीय तपोवन परिसर की टेकडी के पीछे सुनसान जंगल क्षेत्र से होकर गुजरनेवाले नाले से एक अज्ञात युवती का अधजला शव बरामद हुआ था. जिसकी शिनाख्त को लेकर मामला सुलझने की बजाय और भी अधिक उलझता नजर आ रहा है. क्योंकि एक महिला ने उक्त युवती की शिनाख्त अपनी भतीजी के तौर पर की है. जिसके बाद एक व्यक्ति ने भी खुद को उक्त युवती का मामा बताते हुए वह शव अपनी भानजी का ही रहने का दावा किया है. ‘कथित’ तौर पर बुआ और मामा द्बारा शिनाख्त किए जाने के बाद उनके द्बारा पहचानी गई युवती के पिता को सूचित करते हुए शिनाख्त के लिए बुलाया गया तो उन्होंने शव देखने के बाद दावा किया कि उक्त मृतका उनकी बेटी नहीं है. बल्कि वह शव किसी और युवती का है. ऐसे में दो अलग- अलग दावे किए जाने के चलते यह मामला सुलझने की बजाय और भी अधिक उलझ गया है. ऐसे में अब गाडगे नगर पुलिस ने सामने आए परिवार के सदस्यों तथा मृतक युवती के डीएनए सेम्पल लेकर उन्हें जांच हेतु भिजवाने का निर्णय लिया है. जिसकी रिपोर्ट मिलने के बाद अब इस मामले में निश्चित तौर पर कुछ भी कहा जा सकेगा.
बता दें कि गत रोज स्थानिय तपोवन परिसर की टेकडी के पीछे सुनसान रहनेवाले जंगल क्षेत्र से होकर गुजरनेवाले नाले में एक युवती की अर्धजली लाश पडी रहने की जानकारी सामने आते ही पुरे परिसर में अच्छा-खासा हडकंप व्याप्त हो गया था. प्राथमिक साक्ष्यों के आधार पर ऐसा प्रतित हुआ था कि किसी ने उक्त युवती को इस सुनसान स्थान पर लाने के बाद उसके सिर पर लोहे की रॉड से वार करते हुए उसे मौत के घाट उतारा और फिर लाश को नाले के पास गड्डे में डालने के बाद सबूत मिटाने के उद्देश से उस पर कोई ज्वलनशिल पदार्थ छिडककर आग लगा दी. लेकिन चुंकि परसों दोपहर बाद पुरे परिसर में तेज बारीश हुई थी. जिसके चलते आग बुझ गई और लाश अधजली रह गई.
इस मामले की जानकारी सामने आते ही तपोवन परिसर से आसपास के क्षेत्रों में रहनेवाले कई लोगबाग उत्सुकतावश घटनास्थल के पास पहुंचे. जिनमें तपोवन परिसर में रहनेवाली एक महिला का भी समावेश था. जिसने उक्त युवती की लाश को देखते ही दावा किया कि उक्त लाश उसकी भतीजी की है. जो रविवार की रात ही उससे मिलने आयी थी और फिर वापिस चली गई थी. खुद को मृतका की बुआ बतानेवाली उक्त महिला ने यह दावा भी किया कि उक्त युवती उसके भाई की बेटी है और मूलत: चांदुरबाजार तहसील क्षेत्र से वास्ता रखती है. महिला द्बारा दी गई जानकारी के मुताबिक उक्त युवती नर्सिंग की छात्रा थी और शहर के एक निजी अस्पताल में स्टाफ नर्स के तौर पर कार्यरत थी. साथ ही अपनी सहेलियों के संग तपोवन परिसर में किराए से रहा करती थी. जिसका अक्सर ये उसके घर पर आना-जाना भी था और उक्त युवती रविवार की रात ही उसके यानी अपनी बुआ के घर पर आखरी बार आकर गई थी.
खास बात यह भी रही कि खुद को मृतका की बुआ बताने वाली महिला ने लाश की शिनाख्त करने के साथ ही उक्त युवती के पिता व मामा को भी इसकी सूचना दी. जिसके बाद मौके पर पहुंचे मामा ने मृतका के कपडों के आधार पर उसकी शिनाख्त अपनी भानजी के तौर किया. लेकिन हैरान करनेवाली बात यह रही कि जिस युवती को लेकर शिनाख्तगी की बात चल रही थी. खुद युवती के पिता ने दावा किया कि उक्त शव उनकी बेटी का नहीं है. ऐसे में सुलझने की कगार पर पहुंचने के बाद यह मामला और भी अधिक उलझ गया. क्योंकि एक ही परिवार से वास्ता रखनेवाले लोगों की ओर से जो अलग-अलग दावे सामने आए. ऐसे में अब पुलिस ने सामने आए परिजनों एवं मृतका के डीएनए सैम्पल लेते हुए उन्हें जांच हेतु भिजवाने का निर्णय लिया है. जिसकी रिपोर्ट आने के बाद डीएनए सेम्पलों के मिलान के आधार पर युवती की शिनाख्त के बारे में कोई निर्णय लिया जायेगा.
* क्या है मामला
बता दें कि स्थानीय तपोवन परिसर के स्थित टेकडी के पिछे सुनसान जंगल क्षेत्र है और करीब एक-डेढ एकड के बाद इस परिसर से होकर एक नाला गुजरता है. कल सुबह जब चरवाहे के तौर पर काम करनेवाला एक व्यक्ती उस नाले के पास से होकर गुजर रहा था, तो उसे नाले के किनारे स्थित गड्ढे में एक युवती की अर्धजली लाश पडी दिखाई दी. जिसे देखने के बाद बुरी तरह से हडबडाए उस व्यक्ती ने इसकी सुचना अपने परिचय में रहनेवाले एक पत्रकार को दी. जिसके जरिए इस घटना की जानकारी गाडगेनगर पुलिस को मिली. पश्चात गाडगेनगर पुलिस का दल तुरंत ही मौके पर पहुंचा. साथ ही पंचनामे की कार्रवाई करते हुए इस मामले से वरिष्ठोें को भी अवगत कराया गया. इसके बाद शहर पुलिस के आला-अधिकारी भी अपने दल-बल सहीत मौके पर पहुंचे. जिसके बाद अनुमान लगाया गया कि उक्त मृतक युवती की उम्र 18 से 22 साल के आसपास हो सकती है. उसके शरीर पर पुरे कपडे पाए गए, जो कुछ हद तक जल गए थे. जिस जगह पर उक्त युवती का शव बरामद हुआ, वह नाले के किनारे बना हुआ एक गड्ढा है. युवती का सिर गड्ढे के भितर निचे की ओर था. वहीं उसके पांव ऊपर की ओर थे तथा शव के पास ही लोहे की एक भारी रॉड भी पडी पायी गई. जिसके चलते अंदेशा है कि संभवतः लोहे की उसी रॉड से उक्त युवती के सिर पर वार करते हुए उसे मौत के घाट उतारा गया और फिर सबूत मिटाने के उद्देश से उसके शव को जला देने का प्रयास किया गया. लेकिन कुछ कारणों के चलते उसका शव पूरी तरह से जल नहीं गया. ऐसे में अब गाडगेनगर पुलिस द्वारा मामले की जांच पडताल करते हुए इस अधजले शव की गुत्थी को सुलझाने तथा मृतका की शिनाख्त करने का प्रयास किया जा रहा है.

Back to top button