सड़क हादसे के जिम्मेदार ट्रक चालक गिरफ्तार, वाहन जब्त
अकोला शहर के सीविल लाईन थाना क्षेत्र की घटना

अकोला/दि.5 – सड़क दुर्घटना में दंपति की मौत के मामले में पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए दुर्घटना के लिए जिम्मेदार ट्रक चालक और उसके सहयोगी को गिरफ्तार कर लिया है. साथ ही हादसे में शामिल ट्रक भी जब्त कर लिया गया है. पुलिस की इस कार्रवाई के बाद क्षेत्र में व्याप्त आक्रोश काफी हद तक शांत हो गया है.
जानकारी के मुताबिक विजय पांडुरंग इंगले अपनी पत्नी प्रतिभा विजय इंगले के साथ मोटरसाइकिल से घर लौट रहे थे. इसी दौरान एक तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी. हादसा इतना भीषण था कि दोनों की मौके पर ही मौत हो गई. घटना से पूरे इलाके में शोक की लहर फैल गई. दुर्घटना के बाद आक्रोशित ग्रामीणों ने दोषी चालक की गिरफ्तारी की मांग को लेकर विरोध प्रदर्शन किया और चक्का जाम आंदोलन भी किया. नागरिकों का कहना था कि आरोपी की गिरफ्तारी तक आंदोलन जारी रहेगा.
मामले की गंभीरता को देखते हुए जिला पुलिस अधीक्षक अर्चित चांडक ने तत्काल जांच के आदेश दिए. उनके निर्देश पर उपविभागीय पुलिस अधिकारी सुदर्शन पाटिल के मार्गदर्शन में सिविल लाइन थाना प्रभारी मालती कायटे के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई. टीम में शक्ति काबले, प्रदीप पवार, रवि यादव और श्रीकांत आजलसांडे शामिल थे. तकनीकी और गोपनीय जानकारी के आधार पर जांच करते हुए पुलिस ने दुर्घटना में शामिल ट्रक का पता लगा लिया. इसके बाद ट्रक चालक सूरजसिंग रामेदसिंग (30), निवासी बालचिनी, जिला मुरैना तथा उसके सहयोगी भगवानदास मारासिंग जाठव (50), निवासी मुगाबली, जिला मुरैना, मध्य प्रदेश को गिरफ्तार कर लिया गया. पुलिस ने हादसे में प्रयुक्त ट्रक क्रमांक आरजे-11/जीबी-0492 भी जब्त कर लिया है. प्रारंभिक जांच में तेज रफ्तार और लापरवाहीपूर्ण वाहन चलाना दुर्घटना का मुख्य कारण सामने आया है. गिरफ्तारी के बाद स्थानीय नागरिकों ने राहत व्यक्त की है. पुलिस ने बताया कि मामले की विस्तृत जांच जारी है और दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकी जा सके.





