अमरावती जिले में पहुंचीं 11.22 लाख पाठ्यपुस्तकें

स्कूल के पहले दिन छात्रों को मिलेगा वितरण

अमरावती /दि.6– नए शैक्षणिक सत्र 2026-27 की शुरुआत से पहले अमरावती जिले के विद्यार्थियों के लिए पाठ्यपुस्तकों की आपूर्ति लगभग पूरी कर ली गई है. शिक्षा विभाग ने निर्देश दिए हैं कि जिला परिषद, स्थानीय स्वराज्य संस्थाओं और अनुदानित विद्यालयों में कक्षा 1 से 8 तक के विद्यार्थियों को स्कूल के पहले ही दिन पाठ्यपुस्तकें और गणवेश उपलब्ध कराए जाएं. जिला शिक्षा विभाग के अनुसार जिले के 2,417 स्कूलों में अध्ययनरत लगभग 1 लाख 79 हजार 381 विद्यार्थियों के लिए कुल 11 लाख 22 हजार 722 पाठ्यपुस्तकों की मांग दर्ज की गई थी. इनमें कक्षा 1 से 5 तक के विद्यार्थियों के लिए 5 लाख 18 हजार 849 तथा कक्षा 6 से 8 तक के विद्यार्थियों के लिए 6 लाख 3 हजार 873 पाठ्यपुस्तकें शामिल हैं.
विभाग ने बताया कि अब तक कुल आवश्यक पुस्तकों में से लगभग 75 प्रतिशत पाठ्यपुस्तकों की आपूर्ति जिले में हो चुकी है. शेष पुस्तकों का वितरण भी जल्द पूरा कर लिया जाएगा, ताकि नए सत्र के पहले दिन किसी भी विद्यार्थी को पाठ्यपुस्तकों की कमी का सामना न करना पड़े. राज्य सरकार की योजना के तहत कक्षा 1 से 8 तक के विद्यार्थियों को नि:शुल्क पाठ्यपुस्तकें उपलब्ध कराई जाती हैं. इसी योजना के अंतर्गत जिला परिषद शिक्षा विभाग ने बालभारती के पास पुस्तकों की मांग दर्ज कराई थी. शिक्षा विभाग के अधिकारियों के अनुसार नए शैक्षणिक सत्र की शुरुआत में अब केवल एक सप्ताह शेष है और बची हुई पाठ्यपुस्तकें भी शीघ्र प्राप्त होने की उम्मीद है. विभाग ने स्कूलों को समय पर वितरण की तैयारी पूरी करने के निर्देश दिए हैं.

* प्रमुख आंकड़े
– कुल स्कूल: 2,417
– कुल विद्यार्थी: 1,79,381
– कुल पाठ्यपुस्तकें: 11,22,722
– अब तक प्राप्त पुस्तकें: लगभग 75 प्रतिशत
– वितरण: स्कूल खुलने के पहले दिन से शुरू होगा

Back to top button