दहेज में सोना और करोड़ों रुपये लेने के बाद भी विवाहिता की प्रताडना
पति समेत 5 पर मामला दर्ज, खोलापुरी गेट थाना क्षेत्र की घटना

अमरावती /दि.6- शादी के समय भारी मात्रा में सोना, नकदी और बाद में करोड़ों रुपये की आर्थिक मदद मिलने के बावजूद एक विवाहिता को कथित रूप से दहेज के लिए लगातार मानसिक और शारीरिक प्रताड़ना का सामना करना पड़ा. इस मामले में खोलापुरी गेट पुलिस ने पति, सास, ससुर, ननद और देवर के खिलाफ मामला दर्ज किया है.
पुलिस में दर्ज शिकायत के अनुसार, अमरावती निवासी पीड़िता का विवाह मार्च 2020 में नागपुर निवासी कपिल से हुआ था, जो वर्तमान में अमेरिका में कार्यरत है. विवाह के समय पीड़िता के परिवार की ओर से लगभग 250 ग्राम सोने के आभूषण, नकदी और अन्य उपहार दिए गए थे. आरोप है कि इसके बावजूद ससुराल पक्ष ने दहेज कम होने की बात कहकर विवाहिता को प्रताड़ित करना शुरू कर दिया. शिकायत में कहा गया है कि जून 2020 में ससुराल पक्ष की मांग पर पीड़िता के पिता ने 8 लाख रुपये नकद दिए. इसके बाद भी विभिन्न कारणों से लगातार धनराशि की मांग की जाती रही. दिसंबर 2021 में अमेरिका में घर किराये पर लेने के लिए भी पीड़िता के परिवार से बड़ी रकम मांगी गई. पीड़िता का आरोप है कि मार्च 2020 से जनवरी 2026 के बीच उसके पिता ने उसकी वैवाहिक जिंदगी सुचारु रूप से चलाने और ससुराल पक्ष की मांगें पूरी करने के लिए कुल मिलाकर लगभग 1 करोड़ रुपये दिए. इसके बावजूद उसे मानसिक और शारीरिक रूप से प्रताड़ित किया जाता रहा.
शिकायत के अनुसार, जनवरी 2022 में पति ने ससुराल से प्राप्त धनराशि से अमेरिका के सिनसिनाटी में पीड़िता के नाम पर आवास की व्यवस्था की थी, जहां दोनों साथ रहने लगे. लेकिन वहां भी कथित रूप से प्रताड़ना जारी रही. पीड़िता का आरोप है कि अमेरिका में उच्च शिक्षा के दौरान पति ने उसकी मूलभूत आवश्यकताओं की अनदेखी की और कई बार मारपीट भी की. महिला का कहना है कि अमेरिका में कड़े कानूनी प्रावधानों और पति की नौकरी पर असर पड़ने की आशंका के कारण उसने वहां तत्काल पुलिस शिकायत नहीं की. हालांकि लगातार बढ़ती प्रताड़ना से परेशान होकर वह भारत लौट आई और अमरावती में पुलिस से न्याय की गुहार लगाई. शिकायत के आधार पर खोलापुरी गेट पुलिस ने पति सहित पांच लोगों के खिलाफ दहेज प्रताड़ना और घरेलू हिंसा से संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है. मामले में कुछ आरोपी अमेरिका में रहने के कारण पुलिस कानूनी प्रक्रिया के तहत आगे की कार्रवाई कर रही है.





