शहर की यातायात व्यवस्था चरमराई
जयस्तंभ, इर्विन चौक, गांधी चौक में हर दिन एक घंटा जाम

अमरावती/दि.8 – शहर में बढते वाहनों की संख्या, अनियोजित पार्किंग और अधूरे यातायात नियमों के कारण अमरावती के मुख्य मार्ग और चौराहों पर हर दिन यातायात बाधित हो रहा है. साथ ही नागरिकों को परेशानी का सामना करना पड रहा है. सर्वाधिक गंभीर परिस्थिति शहर के मध्य भाग पर स्थित जयस्तंभ चौक, राजकमल चौक, इर्विन चौक और गांधी चौक में दिखाई देती है.
सुबह 9 से 11 और शाम 5 से 8 बजे के दौरान गांधी चौक में चारों दिशा से आने वाले वाहनों की कतारे लग जाती है. राजापेठ, राजकमल चौक रेल्वे स्टेशन रोड, इर्विन चौक से आने वाले वाहन एक ही समय चौराहे पर आते रहने से तथा सडक किनारे स्थित हाथगाडी, ऑटो रिक्शा के कारण इस मार्ग पर जाम लगा दिखाई देता है. चौराहे के 100 मीटर परिसर में दुकानदार और ग्राहकों के चारपहिया दुपहिया वाहन खडे रहते है. इस कारण मार्ग संकरा होकर यातायात में बाधा निर्माण होती है. इसके अलावा अवैध ऑटो रिक्शा और टेम्पो चौराहों पर ही यात्री चढाते और उतारते है. जिससे ट्रैफिक जाम होने लगता है. पैदल चलने वाले राहगीरों के लिए खुला फुटपाथ न रहने से लोग सडकों से ही पैदल चलते है और यातायात की रफ्तार धीमी हो जाती है. शाला महाविद्यालय और कार्यालय का समय रहने से विद्यार्थी और नौकरी पेशा वाले लोग इस परेशानी से काफी त्रस्त है. इंधन का अपव्यय, समय की बर्बादी और ध्वनि वायु प्रदूषण में इससे बढोत्तरी हो रही है. यदि प्रशासन द्वारा तत्काल उचित कदम नहीं उठाये गये तो गांधी चौक की तरफ शहर के अन्य इलाकों में भी यातायात बाधित होगी. गांधी चौक में सिग्नल सिस्टिम बैठाई जाये, आसपास की खुली जगह पर मल्टीलेवल पार्किग तैयार की जाये, अतिक्रमण और मार्ग के पार्किंग पर कडी कार्रवाई की जाये. शाला-महाविद्यालय और कार्यालयीन समय पर जड वाहनों पर पाबंदी लगाने की मांग नागरिक व व्यापारियों ने की है.





